दिल्ली में 19 दिन से अनशन पर सोनम वांगचुक : यह करोड़ों युवाओं की लड़ाई, सैलजा ने कहा- छात्रों के साथ मजबूती से खड़ी है कांग्रेस
निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी
चंडीगढ़। हरियाणा में सिरसा सीट से सांसद कुमारी सैलजा ने कहा है कि पिछले 19 दिनों से सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक का दिल्ली में किया जा रहा अनशन केवल एक व्यक्ति का आंदोलन नहीं, बल्कि देश के लाखों विद्यार्थियों और युवाओं की उस पीड़ा का प्रतीक है, जो लगातार पेपर लीक, परीक्षा प्रणाली की खामियों और जवाबदेही के अभाव के कारण अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं का विश्वास किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था की सबसे बड़ी पूंजी है और सरकार की जिम्मेदारी निष्पक्ष एवं पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना है।
कुमारी सैलजा ने कहा कि पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली में लगातार सामने आ रही खामियों का सबसे अधिक नुकसान मेहनत करने वाले विद्यार्थियों को उठाना पड़ता है। उन्होंने आरोप लगाया कि दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई न होने से युवाओं का भरोसा कमजोर हो रहा है। उन्होंने कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी लगातार विद्यार्थियों के अधिकारों की आवाज उठा रहे हैं और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान की जवाबदेही तय करने की मांग कर रहे हैं। कांग्रेस पिछले डेढ़ महीने से छात्रों और युवाओं के साथ मजबूती से खड़ी है तथा परीक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होने तक संघर्ष जारी रखेगी।
कुमारी सैलजा ने स्वास्थ्य को देखते हुए सोनम वांगचुक से अनशन समाप्त करने की अपील की। उन्होंने कहा कि उनकी चिंता देश के करोड़ों युवाओं की ङ्क्षचता है और कांग्रेस छात्रों के भविष्य की सुरक्षा तथा पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ संघर्ष करती रहेगी।

Comment List