एटा: हाइटेंशन लाइन के सपंर्क में आया ताजिया, एक की मौत, 7 अन्य झुलसे
पुलिस बल तैनात
एटा। उत्तर प्रदेश में एटा जिले के अलीगंज कस्बे में मुहर्रम के जुलूस के दौरान शुक्रवार तड़के हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में ताजिया आने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग झुलस गए। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई गई है, जिसे हायर सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस के अनुसार हादसा पुरानी तहसील चौराहे के पास उस समय हुआ, जब गश्त का ताजिया जुलूस अपने निर्धारित मार्ग से गुजर रहा था। इसी दौरान ताजिया एक ओर झुक गया और ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन के संपर्क में आ गया। इसके बाद ताजिए में करंट दौड़ गया, जिससे उसे उठाए हुए लोग उसकी चपेट में आ गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और प्रशासन की टीम ने तत्काल घायलों को अलीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने सैफ (19), पुत्र शाकिर, निवासी मोहल्ला मेवातियान, को मृत घोषित कर दिया। हादसे में साहिल (18) पुत्र शहजाद, अली हसन (18) पुत्र मोहम्मद शफीक, आमिर (22) पुत्र अरबाज, खुर्शीद (30) पुत्र रहीश, असरफ (15) पुत्र असगर, निवासी चमन नगरिया तथा नसीम (30) पुत्र इरशाद सहित सात लोग झुलस गए। इनमें एक घायल की हालत गंभीर होने पर उसे उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए और विद्युत विभाग की कथित लापरवाही को लेकर आक्रोश व्यक्त किया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जुलूस के दौरान विद्युत विभाग के जिम्मेदार अधिकारी मौके पर मौजूद नहीं थे। सूचना मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पांडे मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मामले में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया। बाद में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इला मारन भी अलीगंज पहुंचे और अधिकारियों के साथ घटनास्थल तथा अस्पताल का निरीक्षण किया। एहतियात के तौर पर क्षेत्र में कई थानों की पुलिस और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन ने लोगों से शांति एवं संयम बनाए रखने की अपील की है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

Comment List