देश का पहला बैरियर रहित टोल सिस्टम शुरू : ऑटोमैटिक तरीके से होगी नम्बर प्लेट की पहचान, गडकरी ने कहा- सफर होगा तेज और आसान
टोल संग्रह में बढ़ेगी पारदर्शिता
गडकरी ने गुजरात के NH-48 (सूरत-भरूच) पर देश की पहली बैरियर-रहित मल्टी-लेन फ्री फ्लो टोलिंग शुरू करने की घोषणा की। नंबर प्लेट पहचान तकनीक से वाहन बिना रुके गुजरेंगे और टोल स्वतः कटेगा। इससे जाम, समय, ईंधन व प्रदूषण कम होंगे, पारदर्शिता बढ़ेगी और माल परिवहन तेज होकर ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ को बढ़ावा मिलेगा।
नई दिल्ली। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने गुजरात में राष्ट्रीय राजमार्ग-48 के सूरत-भरूच खंड पर चोरायासी टोल प्लाजा पर देश की पहली मल्टी-लेन फ्री फ्लो बैरियर रहित टोलिंग प्रणाली शुरू करने की घोषणा की है। गडकरी ने बताता कि यह अत्याधुनिक प्रणाली है, जो ऑटोमैटिक तरीके से नम्बर प्लेट की पहचान करेगी। उनका कहना था कि यह फास्टैग जैसी तकनीकों पर आधारित है, जिससे वाहन बिना रुके टोल प्लाजा पार कर सकेंगे और टोल अपने आप कट जाएगा।
टोल संग्रह में बढ़ेगी पारदर्शिता
उन्होंने बताया कि इस नयी व्यवस्था से यात्रा समय में कमी आएगी, टोल प्लाजा पर लगने वाले जाम से राहत मिलेगी और ईंधन की बचत के साथ प्रदूषण भी घटेगा। इसके अलावा टोल संग्रह प्रक्रिया में मानवीय हस्तक्षेप कम होगा, जिससे पारदर्शिता बढ़ेगी।
माल परिवहन को तेज और सुगम बनाएगा
गडकरी ने कहा कि यह पहल ‘ईज ऑफ लिविंग’ को बेहतर बनाने के साथ-साथ माल परिवहन को तेज और सुगम बनाकर ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनस’ को भी बढ़ावा देगी। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकसित हो रहे आधुनिक और तकनीक-आधारित राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य देशभर में विश्वस्तरीय, कुशल और यात्री-अनुकूल सड़क बुनियादी ढांचा विकसित करना है, और यह नयी टोलिंग प्रणाली उसी दिशा में एक बड़ा सुधार है।

Comment List