तिरुपति के लड्डू में मिलावट का खेल : पाम ऑयल-केमिकल से घी बनाने का ईडी का दावा, सुकृति फूड्स के प्रमोटर कैलाश चंद गिरफ्तार
खरीद-बिक्री के फर्जी रिकॉर्ड किए तैयार
नई दिल्ली। तिरुपति बालाजी मंदिर के लड्डू प्रसादम में इस्तेमाल होने वाले घी में मिलावट के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ा खुलासा किया है। एजेंसी के अनुसार, मिलावटी घी तैयार करने में रिफाइंड पाम ऑयल, पाम कर्नल ऑयल, पामोलिन समेत कई रसायनों का इस्तेमाल किया गया था। इसे बाद में एगमार्क स्पेशल ग्रेड गाय के घी के तौर पर तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) को सप्लाई किया गया।
ईडी ने मामले में सुकृति फूड्स के प्रमोटर कैलाश चंद मंगला को गिरफ्तार किया। एजेंसी ने उसे विशाखापत्तनम की विशेष अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। जांच एजेंसी का दावा है कि 2019 से 2024 के बीच टीटीडी को करीब 230 करोड़ रुपए का मिलावटी घी सप्लाई किया गया। इसमें करीब 96 करोड़ रुपए का घी मंगला की फैक्ट्री में तैयार किया गया था। ईडी के मुताबिक, मंगला ने कथित तौर पर कई डेयरी कंपनियों के साथ मिलकर सप्लाई की और खरीद-बिक्री के फर्जी रिकॉर्ड तैयार किए। मामले में इससे पहले विपिन जैन को भी गिरफ्तार किया जा चुका है।

Comment List