अडानी के खिलाफ भ्रष्टाचार से जुड़े आरोप वापस लेने की तैयारी में ट्रंप प्रशासन, राहुल गांधी ने केन्द्र सरकार पर लगाए आरोप
सरकार ने अडानी को बचाने के लिए किया समझौता
राहुल गांधी ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर केंद्र सरकार पर बड़ा आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यह डील उद्योगपति गौतम अडानी के हित में की गई। वहीं जयराम रमेश ने दावा किया कि ट्रंप प्रशासन अडानी पर भ्रष्टाचार के आरोप वापस लेने की तैयारी में है।
नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने अमेरिका के साथ व्यापार समझौते के मुद्दे को उठाते हुए एक बार फिर आरोप लगाया है कि भाजपा की केन्द्र सरकार ने यह समझौता उद्योगपति अडानी को बचाने के लिए किया है। गांधी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया एक्स पर व्यापार करार को उद्योगपति अडानी के हित में लिया गया समझौता बताया और सरकार पर समझौतावादी होने का आरोप लगाया।
इस बीच कांग्रेस संचार विभाग के प्रभारी जयराम रमेश ने कहा, अब यह स्पष्ट हो गया है कि सरकार ने भारत-अमेरिका के बीच उस बेहद निराशाजनक और एकतरफा ट्रेड डील को क्यों स्वीकार किया, जो वास्तव में अमेरिका के पक्ष में एकतरफा सौदा था। यह भी साफ हो गया है कि उन्होंने 10 मई 2025 को राष्ट्रपति ट्रंप की धमकियों के आगे झुकते हुए, राष्ट्रीय हित के बजाय उनके दबाव में ऑपरेशन सिंदूर को अचानक क्यों रोक दिया। उन्होंने लिखा, रिपोर्ट्स के मुताबिक, ट्रंप प्रशासन अब उद्योपति अडानी के खिलाफ भ्रष्टाचार से जुड़े सभी आरोप वापस लेने की तैयारी में है।

Comment List