समुद्र में उठा तूफान अब मचाएगा तबाही! 120 की रफ्तार से टकराएगा अकवान
तूफान के कारण तटों पर अलर्ट
चेन्नई। बंगाल की खाड़ी में बना तीसरा चक्रवाती तूफान 'अकवान' बुधवार सुबह 'गंभीर चक्रवाती तूफान' में बदल गया और इसके 20 नवंबर की दोपहर को आंध्र प्रदेश के तट से टकराने की आशंका है। वहीं वहीं, चेन्नई और इसके आसपास के उत्तरी जिलों में गुरुवार को भारी बारिश होने का अनुमान जताया गया है। मौसम विभाग ने एक विशेष बुलेटिन में आंध्र प्रदेश और उससे सटे दक्षिण ओडिशा के तटों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग ने बताया कि बंगाल की खाड़ी के मध्य और पश्चिमी-मध्य हिस्सों में मौजूद चक्रवाती तूफान अकवान पिछले छह घंटों के दौरान तीन किमी प्रति घंटे की बहुत धीमी गति से उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ा है। यह एक गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल गया है।
उत्तर-उत्तरपश्चिम की ओर बढ़ते हुए इसके 20 नवंबर की दोपहर के आसपास आंध्र प्रदेश और यानम के तटों (नेल्लोर और विशाखापत्तनम के बीच) से टकराने का अनुमान है। उस समय यह एक गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में होगा, जिसमें हवा की रफ्तार 100-110 किमी प्रति घंटा होगी और हवा के तेज झोंकों के साथ यह 120 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। इस दौरान मौसम विभाग ने कल चेन्नई और तिरुवल्लुर में भारी बारिश का अनुमान जताया है, जबकि अन्य उत्तरी जिलों में मध्यम बारिश हो सकती है। यह तूफान आंध्र प्रदेश के तट की ओर बढ़ने से पहले तमिलनाडु के बाहरी इलाकों से होकर गुजरेगा। 15 अक्टूबर को पूर्वोत्तर मानसून की शुरुआत के बाद से बंगाल की खाड़ी में लगातार बनने वाला यह चौथा कम दबाव का क्षेत्र है।

Comment List