मध्य प्रदेश में चोरों ने मंदिरों को बनाया निशाना : दिनदहाड़े दानपेटियां तोड़कर नकदी की पार, सीसीटीवी में चेहरा ढके नजर आए चोर
एक हाथ में प्लास्टर बंधा हुआ नजर आ रहा
बैतूल के मुलताई में चोरी की वारदातों से दहशत बढ़ गई है। अज्ञात बदमाश ने जलाराम और हनुमान मंदिर की दानपेटियां तोड़कर हजारों रुपए चुरा लिए। घटना सीसीटीवी में कैद हुई, आरोपी ने चेहरा ढका था, हाथ में प्लास्टर अहम सुराग है। लगातार चोरियों से लोगों में आक्रोश, पुलिस जांच में जुटी है।
बैतूल। मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के मुलताई क्षेत्र में चोरी की बढ़ती घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। कल दोपहर अज्ञात बदमाश ने जलाराम मंदिर और हनुमान मंदिर को निशाना बनाते हुए दानपेटियां तोड़कर हजारों रुपये पार कर दिए। दोनों मंदिर आमने-सामने स्थित हैं, जिससे वारदात को अंजाम देना आसान हो गया। घटना मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में आरोपी ने अपना चेहरा कपड़े से ढका हुआ है, जिससे उसकी पहचान स्पष्ट नहीं हो पाई है। हालांकि, उसके एक हाथ में प्लास्टर बंधा हुआ नजर आ रहा है, जिसे पुलिस अहम सुराग मानते हुए जांच आगे बढ़ा रही है।
शाम के समय जब पुजारी अमिश मिश्रा नियमित पूजा के लिए मंदिर पहुंचे, तो उन्होंने दानपेटियां टूटी हुई देखीं। इसके बाद उन्होंने स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं को सूचना दी। खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मंदिर परिसर में एकत्र हो गए और घटना को लेकर आक्रोश जताया। स्थानीय लोगों का कहना है कि चार दिन पहले भी इसी इलाके में चार दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की वारदात हुई थी। लगातार हो रही घटनाओं से क्षेत्र में असुरक्षा का माहौल बन गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को पकडऩे का प्रयास किया जा रहा है।

Comment List