महाराष्ट्र में भूस्खलन से ट्रेन सेवाएं बाधित, एससीआर ने 25 ट्रेनों का रूट बदला
यात्रियों को समय-सारिणी जांचने की सलाह
हैदराबाद। महाराष्ट्र में करजत-लोणावला रेलखंड पर भूस्खलन के कारण रेल यातायात प्रभावित होने के बाद दक्षिण मध्य रेलवे (एससीआर) ने शनिवार को 25 ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित करने तथा दो ट्रेनों को आंशिक रूप से रद्द करने की घोषणा की। एससीआर की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, नौ जुलाई से 17 जुलाई के बीच तेलंगाना और आंध्र प्रदेश को मुंबई, गुजरात तथा पश्चिम भारत के अन्य गंतव्यों से जोड़ने वाली कई ट्रेनें अपने गंतव्य के अनुसार दौंड, मनमाड, जलगांव, पालधी, सूरत, इगतपुरी, कल्याण और सोलापुर वैकल्पिक मार्ग से संचालित की जाएंगी।
मार्ग परिवर्तन से प्रभावित ट्रेनों में विशाखापट्टनम-एलटीटी मुंबई एक्सप्रेस (18519), सिकंदराबाद-राजकोट एक्सप्रेस (22718), सिकंदराबाद-पोरबंदर एक्सप्रेस (20967), एलटीटी मुंबई-विशाखापट्टनम एक्सप्रेस (18520), राजकोट-सिकंदराबाद एक्सप्रेस (22717) के अलावा चेन्नई, मदुरै, अहमदाबाद और कोयंबटूर जाने वाली कई अन्य ट्रेनें शामिल हैं। विज्ञप्ति में कहा गया है कि नौ जुलाई से 17 जुलाई के बीच निर्धारित प्रस्थान तिथियों के अनुसार विभिन्न ट्रेनों पर मार्ग परिवर्तन लागू रहेगा। एससीआर ने बताया कि रेल यातायात में व्यवधान के कारण दो ट्रेनों को आंशिक रूप से रद्द भी किया गया है।
इसके तहत 11 से 17 जुलाई तक चलने वाली सीएसटी मुंबई-केएसआर बेंगलुरु एक्सप्रेस (11301) अब पुणे से रवाना होगी तथा सीएसटी मुंबई और पुणे के बीच इसका परिचालन रद्द रहेगा। इसी प्रकार 10 से 16 जुलाई तक चलने वाली केएसआर बेंगलुरु-सीएसटी मुंबई एक्सप्रेस (11302) का समापन खड़की स्टेशन पर होगा तथा खड़की और सीएसटी मुंबई के बीच इसका परिचालन रद्द रहेगा। रेल प्रशासन ने यात्रियों को यात्रा शुरू करने से पहले संशोधित समय-सारिणी और मार्ग परिवर्तन संबंधी जानकारी की जांच करने की सलाह दी है।

Comment List