ड्रोन से आते थे हथियार, सोशल मीडिया पर होती थी डील; पंजाब में 2 नेटवर्क का खुलासा
आरोपियों से 14 आधुनिक पिस्तौल बरामद
अमृतसर। पंजाब में अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने अवैध हथियारों की आपूर्ति करने वाले दो नेटवर्क का भंडाफोड़ कर 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से 14 आधुनिक पिस्तौल बरामद की हैं। पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने मंगलवार को बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी सोशल मीडिया मंचों के जरिए विदेश में बैठे हैंडलरों के संपर्क में थे। ये हैंडलर कथित तौर पर ड्रोन के माध्यम से हथियारों की खेप भेजते थे। आरोपी इन खेपों को हासिल कर आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों तक हथियार पहुंचाते थे।
पुलिस ने इस संबंध में अमृतसर के छेहरटा और सिविल लाइंस थानों में दो अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों के अन्य सहयोगियों की पहचान करने, हथियारों की आपूर्ति के पूरे नेटवर्क और उसके आगे-पीछे के संपर्कों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। पुलिस इन नेटवर्कों से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने और अवैध हथियारों की तस्करी पर रोक लगाने के प्रयास कर रही है।

Comment List