मुंबई एयरपोर्ट पर थमेंगे विमानों के पहिए, 6 घंटे बंद रहेंगे दोनों रनवे
इस दिन न उड़ान आएगी, न विमान जाएगा
मुंबई। मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 19 नवंबर को छह घंटे तक विमानों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी। मानसून के बाद रनवे के वार्षिक रखरखाव और सुरक्षा जांच के लिए सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक दोनों रनवे अस्थायी रूप से बंद रखे जाएंगे। एयरपोर्ट संचालक मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (एमआईएएल) ने शनिवार को इसकी जानकारी दी।
एयरपोर्ट प्रशासन के मुताबिक, दोनों रनवे 09/27 और 14/32 पर मरम्मत के साथ तकनीकी जांच की जाएगी। बारिश के कारण रनवे की सतह को हुए नुकसान और विमानों के उतरने के दौरान जमा होने वाली रबर की परत को हटाया जाएगा। इसके अलावा सतह की घर्षण क्षमता जांचने, छोटी दरारों की मरम्मत, रनवे लाइटिंग और विद्युत व्यवस्था का निरीक्षण, जल निकासी नालों की सफाई तथा संकेत चिह्नों को दोबारा बनाने का काम होगा।
छह महीने पहले से बनाई रणनीति
उड़ानों पर पड़ने वाले असर को कम करने के लिए एयरपोर्ट प्रशासन ने छह महीने पहले ही संबंधित एजेंसियों के साथ तैयारी शुरू कर दी थी। एयरलाइंस और कार्गो ऑपरेटरों को पहले सूचना देकर उड़ानों के समय और संचालन में जरूरी बदलाव करने का मौका दिया गया। इसके लिए नोटिस टू एयरमेन (नोटम) भी जारी किया गया है। प्रभावित समय की उड़ानों को पहले ही पुनर्निर्धारित किया जा चुका है। गौरतलब है कि एयरपोर्ट पर साल में दो बार रनवे का रखरखाव होता है। मई में मानसून से पहले और नवंबर में मानसून के बाद यह प्रक्रिया अपनाई जाती है। इस साल 7 मई को भी रनवे का रखरखाव किया गया था।

Comment List