अवैध रूप से संचालित नर्सिंग होम में महिला की मौत, स्वास्थ्य विभाग ने जारी किया डॉक्टर तथा संचालक को नोटिस
एनेस्थीसिया देने से महिला की मौत
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के रतनपुर क्षेत्र में एक निजी नर्सिंग होम में उपचार के दौरान महिला की मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग की जांच में गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। जांच में संबंधित नर्सिंग होम के बिना वैध पंजीयन संचालित होने का खुलासा हुआ है। इसके बाद विभाग ने अस्पताल संचालक और संबंधित चिकित्सक को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। मंगलवार को मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार रतनपुर थाना क्षेत्र के पोड़ी नवागांव निवासी 50 वर्षीय कुमारी बाई साहू स्वास्थ्य संबंधी परेशानी के कारण उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रतनपुर पहुंची थीं। परिजनों का आरोप है कि जांच के दौरान चिकित्सक ने उन्हें गर्भाशय संबंधी समस्या बताकर शल्य चिकित्सा कराने की सलाह दी और बाद में एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया।
मृतका के परिजनों का कहना है कि ऑपरेशन की तैयारी के दौरान निर्धारित शुल्क भी जमा कराया गया था। आरोप है कि शल्य प्रक्रिया से पूर्व एनेस्थीसिया दिये जाने के बाद महिला की तबीयत अचानक बिगड़ गई। स्थिति गंभीर होने पर अस्पताल प्रबंधन ने उसे अन्य अस्पताल रेफर करने का निर्णय लिया। परिजनों का आरोप है कि महिला को आवश्यक चिकित्सकीय औपचारिकताएं पूरी किए बिना निजी वाहन से बिलासपुर स्थित सिम्स अस्पताल भेजा गया, जहां पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद मृतका के पुत्र मुकेश साहू ने रतनपुर थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए संबंधित चिकित्सक एवं नर्सिंग होम प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। स्वास्थ्य विभाग की प्रारंभिक जांच में नर्सिंग होम के बिना पंजीयन संचालित होने तथा उपचार प्रक्रिया में लापरवाही के संकेत मिलने पर अस्पताल संचालक और संबंधित डॉक्टर को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Comment List