युवा कांग्रेस का बड़ा दावा: घायल और परेशान छात्रों को मिलेगा भोजन, मेडिकल और कानूनी सहयोग; हेल्पलाइन जारी
मदद के लिए विशेष अभियान शुरू
नई दिल्ली। युवा कांग्रेस ने 'छात्रों की गूंज' अभियान के तहत दिल्ली में पेपर लीक विरोध प्रदर्शन के दौरान घायल और फंसे हुए या किसी भी तरह की मदद की आवश्यकता वाले छात्रों के लिए सहायता अभियान शुरू किया है। भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने कहा कि दिल्ली में मौजूद ऐसे छात्र जिन्हें रहने की जगह, भोजन, चिकित्सा सहायता या कानूनी मदद की जरूरत है, वे हेल्पलाइन नंबर 8826970690, 9211452848 और 9827048238 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा छात्र सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी सहायता मांग सकते हैं।
चिब ने कहा, "पेपर लीक के खिलाफ अपनी आवाज़ उठाने वाले छात्रों पर लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल लोकतंत्र पर गंभीर सवाल खड़े करता है। युवा कांग्रेस दिल्ली में किसी भी तरह की परेशानी का सामना कर रहे या मदद की जरूरत वाले प्रत्येक छात्र के साथ खड़ी है। चाहे रहने की व्यवस्था हो, भोजन, मेडिकल सहायता या कानूनी मदद, भारतीय युवा कांग्रेस हर संभव सहयोग देने के लिए तैयार है। कोई भी छात्र बिना किसी संकोच के हमसे संपर्क कर सकता है।" उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि विरोध प्रदर्शन के दौरान किसी भी छात्र को अकेला न छोड़ा जाये और जरूरत पड़ने पर उसे तत्काल सहायता उपलब्ध करायी जाये।

Comment List