डॉलर के आगे रॉकेट बना रुपया, 31 पैसे की मजबूती के साथ 94.29 पर खुला
कच्चे तेल की नरमी से मिला सहारा
मुंबई। अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में बुधवार को रूपया 31 पैसे की मजबूती के साथ अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.29 पर खुला। कच्चे तेल में नरमी और शेयर बाजारों में तेजी से रुपये को समर्थन मिला, लेकिन कम भाव पर डॉलर की लिवाली आने से बाद में भारतीय मुद्रा दबाव में आ गयी। इससे पहले मंगलवार को रुपये में भारी उतार-चढ़ाव देखा गया और अंत में यह दो पैसे टूटकर 94.60 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ। मंगलवार को दोपहर बाद एक समय रुपया अचानक 102 पैसे की मजबूती के साथ 93.56 रुपये प्रति डॉलर तक पहुंच गया था।
लेकिन जिस तेजी के साथ यह ऊपर गया था उसी तेजी से 94.52 रुपये प्रति डॉलर तक गिर गया। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल पर आज लगातार दूसरे दिन दबाव रहा। सोमवार को पांच प्रतिशत टूटने के बाद मंगलवार को लंदन का ब्रेंट क्रूड वायदा तीन प्रतिशत और गिरकर 81 डॉलर प्रति बैरल से नीचे उतर गया। यह तीन महीने का इसका नया निचला स्तर है।

Comment List