शेयर बाजार में लगातार तीसरे दिन तेजी, सेंसेक्स 262 अंक चढ़ा; निफ्टी 24,270 के पार बंद
आईटी-फार्मा शेयरों ने बढ़ाया निवेशकों का भरोसा
मुंबई। दूसरे एशियाई बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजारों में शुक्रवार को तेजी रही और बीएसई का सेंसेक्स 262 अंक की बढ़त के साथ बंद हुआ। सेंसेक्स की शुरुआत 650 अंक चढ़कर हुई थी, लेकिन वह उस स्तर पर अंत तक टिक नहीं सका। कारोबार की समाप्ति पर सूचकांक पिछले कारोबारी दिवस की तुलना में 261.79 अंक (0.34 प्रतिशत) ऊपर 77,763.91 अंक पर रहा। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 95.15 अंक यानी 0.39 प्रतिशत चढ़कर 24,270.85 अंक पर बंद हुआ। दोनों प्रमुख सूचकांक लगातार तीसरे दिन मजबूत हुए हैं।
वृहत बाजार में मिलाजुला रुख रहा। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.13 फीसदी गिर गया जबकि स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.04 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ। आईटी, फार्मा, रियल्टी और स्वास्थ्य सेक्टरों में अच्छी लिवाली देखी गयी। सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक, ऑटो और टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद समूहों की कंपनियों में बिकवाली का जोर रहा। सेंसेक्स की कंपनियों में एचसीएल टेक्नोलॉजीज का शेयर पौने छह फीसदी और बजाज फिनसर्व का दो प्रतिशत से अधिक चढ़ गया। टेक महिंद्रा, भारती एयरटेल, सन फार्मा, अल्ट्राटेक सीमेंट, टाटा स्टील बजाज फाइनेंस और टीसीएस के शेयर एक से दो प्रतिशत के बीच चढ़े। आईसीआईसीआई बैंक, बीईएल, ट्रेंट, एचडीएफसी बैंक, इंफोसिस और इटरनल के शेयरों में भी तेजी रही।
एक्सिस बैंक का शेयर डेढ़ प्रतिशत और भारतीय स्टेट बैंक तथा महिंद्रा एंड महिंद्रा के एक प्रतिशत से अधिक गिर गये। एलएंडटी, कोटक महिंद्रा बैंक, इंडिगो, एनटीपीसी, हिंदुस्तान यूनीलिवर, अडानी पोर्ट्स और टाइटन में भी गिरावट रही।

Comment List