महंगा होगा घूमना! रूपए में लगातार गिरावट जारी, डॉलर के मुकाबले 100 की ओर बढ़ा
ऐतिहासिक गिरावट के करीब भारतीय मुद्रा
भारतीय रुपया शुक्रवार को ₹96.14 के सर्वकालिक निचले स्तर पर गिर गया। कच्चे तेल की कीमतों में 3.65% के उछाल और मजबूत डॉलर सूचकांक ने मुद्रा पर भारी दबाव डाला। ब्रेंट क्रूड के $109 प्रति बैरल पहुंचने से आयात महंगा होने की चिंता बढ़ गई है, जिससे अर्थव्यवस्था के लिए नई चुनौती पैदा हो गई है।
मुंबई। अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में रुपये की गिरावट शुक्रवार को भी जारी रही और यह पहली बार 96 रुपये प्रति डॉलर के पार उतर गया। पिछले कारोबारी दिवस पर भारतीय मुद्रा 95.64 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुई थी। आज यह 22 पैसे लुढ़ककर 95.86 रुपये प्रति डॉलर पर खुली और दोपहर बाद 96.14 रुपये प्रति डॉलर तक टूट गयी। यह पहला मौका है जब एक डॉलर 96 रुपये के पार निकला है। इससे पहले, बीच कारोबार में रुपये का निचला स्तर 95.96 प्रति डॉलर रहा था।
भारतीय मुद्रा खबर लिखे जाते समय 33 पैसे नीचे 95.97 रुपये प्रति डॉलर पर थी। ये अनंतिम आंकड़ें हैं। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी से रुपये पर दबाव रहा। कच्चे तेल का मानक ब्रेंट क्रूड वायदा फिलहाल 3.65 प्रतिशत चढ़कर 109.58 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया है। दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर सूचकांक में 0.3 प्रतिशत से ज्यादा की तेजी ने भी रुपये की गिरावट में योगदान दिया है।

Comment List