एड्रियनज्वेल फ्यूचर स्टार कप अंडर-14 क्रिकेट टूर्नामेंट, आरडी क्रिकेट एकेडमी ने कोडाई स्पोर्ट्स एकेडमी को 6 विकेट से करारी शिकस्त दी
अक्षांश बालोत बने मैन ऑफ द मैच
जयपुर। जयपुर के मुहाना स्थित कोडाई क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए इस लीग मुकाबले में आरडी क्रिकेट एकेडमी के गेंदबाजों और बल्लेबाजों ने एकतरफा प्रदर्शन करते हुए 9.1 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी कोडाई स्पोर्ट्स एकेडमी की शुरुआत बेहद खराब रही। आरडी क्रिकेट एकेडमी के गेंदबाज अक्षांश बालोत की घातक गेंदबाजी के सामने टीम महज 28.3 ओवरों में 89 रनों पर ही ढेर हो गई। कोडाई स्पोर्ट्स एकेडमी की ओर से गोपाल शास्त्री ने सर्वाधिक 24 रन और मयंक सचदेव ने 13 रनों का योगदान दिया। आरडी क्रिकेट एकेडमी के अक्षांश ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 7.3 ओवर में 3 मेडन रखते हुए केवल 11 रन देकर 5 महत्वपूर्ण विकेट चटकाए। उनके अलावा मयंक और कुणाल कुमार ने 2-2 विकेट हासिल किए।
90 रनों के छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरडी क्रिकेट एकेडमी ने आक्रामक शुरुआत की। टीम ने केवल 9.1 ओवर में 4 विकेट खोकर 93 रन बनाकर मैच आसानी से जीत लिया। टीम के लिए अयान एन. सोनी ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए मात्र 14 गेंदों में 4 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 32 रनों की तूफानी पारी खेली। उनके अलावा अमन कुमार ने 17 और आयुष्मान एम. सोनी ने 15 रन बनाए। कोडाई स्पोर्ट्स एकेडमी के कप्तान हर्षित सैनी ने 2 विकेट लिए, लेकिन वे अपनी टीम को हार से नहीं बचा सके।

Comment List