बीसीसीआई नमन अवॉर्ड्स : वर्ल्डकप जीतने वाली टीमें सम्मानित, बिन्नी, द्रविड़ व मिताली को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड
गिल-मंधाना को ‘क्रिकेटर ऑफ द ईयर अवार्ड’ से नवाजा
बीसीसीआई के नमन अवॉर्ड्स 2026 में शुभमन गिल को पॉली उमरीगर क्रिकेटर ऑफ द ईयर चुना, जबकि महिलाओं में स्मृति मंधाना को पांचवीं बार यह सम्मान। लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड Roger Binny, Rahul Dravid और Mithali Raj को दिया।
नई दिल्ली। बीसीसीआई ने नमन अवॉर्ड्स 2026 समारोह में साल के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों और दिग्गजों को सम्मानित किया। भारत के टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल को बीसीसीआई के प्रतिष्ठित पॉली उमरीगर क्रिकेटर ऑफ द ईयर अवॉर्ड से नवाजा गया। वहीं, महिलाओं में स्मृति मंधाना को उनके करियर में पांचवीं बार सर्वश्रेष्ठ महिला क्रिकेटर ऑफ द ईयर का पुरस्कार मिला।
सचिन-अश्विन की बराबरी कर चुके हैं गिल :
शुभमन गिल ने यह पुरस्कार दूसरी बार अपने नाम किया। इससे पहले उन्हें 2023 में भी इस सम्मान से नवाजा गया था। दूसरी बार यह अवॉर्ड जीतने के साथ ही गिल ने सचिन तेंदुलकर और रविचंद्रन अश्विन की बराबरी कर ली है, जिन्होंने भी यह पुरस्कार दो-दो बार जीता है। इन तीनों से अधिक बार यह सम्मान विराट कोहली और जसप्रीत बुमराह को मिला है। कोहली पांच बार बीसीसीआई के साल के सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर रह चुके हैं, जबकि बुमराह तीन बार यह अवॉर्ड जीत चुके हैं।
टेस्ट क्रिकेट में किया शानदार प्रदर्शन :
26 वर्षीय गिल ने 2025 में टेस्ट और वनडे क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया। गिल ने 2025 में टेस्ट क्रिकेट में 983 रन बनाए, जिसमें इंग्लैंड के खिलाफ उसकी सरजमीं पर खेली गई सीरीज में 754 रन शामिल रहे। इंग्लैंड के खिलाफ इस टेस्ट सीरीज में उनका औसत 70 से अधिक रहा और उन्होंने कई महत्वपूर्ण पारियां खेलीं।
किसे मिला कौनसा अवॉर्ड ?
पुरस्कार विजेता
क्रिकेट ऑफ द ईयर (पुरुष) शुभमन गिल
क्रिकेट ऑफ द ईयर (महिला) स्मृति मंधाना
लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड (पुरुष) रोजर बिन्नी, राहुल द्रविड़
लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड (महिला) मिताली राज
सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय डेब्यू (पुरुष) हर्षित राणा
सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय डेब्यू (महिला) श्री चरणी
वनडे और आईपीएल में भी दमदार फॉर्म :
वनडे क्रिकेट में भी गिल ने बेहतरीन प्रदर्शन किया और कुल 490 रन बनाए। इसमें भारत की चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाली मुहिम में बनाए गए 188 रन भी शामिल रहे। अगर सभी फॉर्मेट को मिलाकर देखा जाए तो गिल ने पिछले साल कुल 1,764 रन बनाए, जिनमें सात शतक और तीन अर्धशतक शामिल रहे। उनका औसत करीब 49 रहा।
म्हात्रे और हर्ष दुबे को मिला अवॉर्ड :
अपनी कप्तानी में अंडर-19 विश्व कप जिताने वाले मुंबई के आयुष म्हात्रे को घरेलू सीमित ओवर टूनार्मेंट में सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर के लिए लाला अमरनाथ अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। वहीं विदर्भ के हर्ष दुबे को 2024-25 रणजी ट्रॉफी सीजन में शानदार प्रदर्शन के लिए सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर चुना गया।
विश्व कप विजेता टीमों को भी किया गया सम्मानित :
नमन अवॉर्ड्स समारोह के दौरान सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय टीम को टी20 विश्व कप जीतने के लिए सम्मानित किया गया। इसके अलावा उन सभी पांच भारतीय टीमों को भी सम्मानित किया गया जिन्होंने हाल के वर्षों में आईसीसी ट्रॉफी अपने नाम की हैं। इनमें पुरुष टी-20 विश्व कप विजेता टीम, महिला विश्व कप 2025 की विजेता टीम, चैंपियंस ट्रॉफी 2025 विजेता टीम, अंडर-19 विश्व कप 2026 विजेता टीम और महिला अंडर-19 टी20 विश्व कप 2025 विजेता भारतीय टीम शामिल हैं।

Comment List