कॉल्विन शील्ड सीनियर स्टेट चैंपियनशिप : करण लाम्बा का शतक, जयपुर ने बीकानेर को फॉलोआन खिलाया
नागौर को पारी में बढ़त
जयपुर। करण लाम्बा (138) की शानदार शतकीय पारी के दम पर मेजबान जयपुर ने कॉल्विन शील्ड सीनियर स्टेट चैंपियनशिप के सुपर लीग मुकाबले के दूसरे दिन अपनी पारी 8 विकेट पर 447 रन के स्कोर पर घोषित कर दी। जयपुर ने राहुल चौधरी (29 पर 3) और शुभम शर्मा (36 पर 3) की बदौलत बीकानेर की पहली पारी को 147 रनों पर समेट उसे फॉलोआन खेलने पर मजबूर कर दिया। बीकानेर ने इसके बाद दिन का खेल समाप्त होने तक दूसरी पारी में भी अपने दो विकेट 68 रनों पर गंवा दिए। ये दोनों विकेट आयुष अमेरिया ने झटके। स्टंप के समय बीकानेर के अजय गिगना 51 रन बना क्रीज पर मौजूद थे।
उदयपुर के निखिल का दोहरा शतक :
उदयपुर ने निखिल सचदेव (202) के दोहरे शतक और मिनाफ शेख (188) की शतकीय पारी की बदौलत अपनी पहली पारी 3 विकेट पर 484 रनों पर घोषित कर दी। पहली पारी में 153 रनों पर सिमटी जालौर ने दूसरी पारी में भी अपने 6 विकेट 124 रनों पर गंवाकर संघर्ष कर रही है। दूसरे दिन स्टंप के समय यशोवर्धन 51 रन बना नाबाद थे। उदयपुर के अनिरुद्ध ने तीन और मोहित जैन ने दो विकेट लिए।
सीकर के हिमांशु का शतक :
सीकर ने चूरू के पहली पारी के 202 रनों के जवाब में हिमांशु नेहरा (126) और अंकित कुमार (96) की शानदार पारियों की बदौलत 387 रन बना पारी में बढ़त हासिल कर ली। चूरू के हिमांशु पुजारी और हेमंत कुमार ने 3-3 विकेट लिए। चूरू की टीम दूसरी पारी में भी लड़खड़ा गई और अपने 5 विकेट 85 रनों पर गंवा दिए। सीकर के हिमांशु ने 2 विकेट झटके।
नागौर को पारी में बढ़त :
मोहित चांगरा (53 पर 5) की शानदार गेंदबाजी से नागौर ने करौली पारी को 216 रनों पर समेट पहली पारी में 41 रनों की बढ़त हासिल कर ली। करौली की ओर से शुभम वैष्णव (51), अमित कुमार (60) और जतिन शर्मा (40) ही जमकर खेल सके। नागौर ने दूसरे दिन स्टंप तक 1 विकेट पर 110 रन बना लिए। मनीष टाक 72 और गौरव 12 रन बना क्रीज पर मौजूद थे।

Comment List