आईपीएल-2025 : मुंबई प्लेऑफ में पहुंची, 59 रनों की हार से दिल्ली का सफर समाप्त
दिल्ली की टीम 18.2 ओवर में मात्र 121 रनों में सिमट गई
मुम्बई इंडियंस ने आईपीएल-2025 के 63वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स को 59 रन से हरा प्लेऑफ में पहुंचने वाली चौथी टीम बन गई।
मुम्बई। सूर्यकुमार यादव (नाबाद 73) और नमन धीर (नाबाद 24) की विस्फोटक पारियों के बाद जसप्रीत बुमराह (12 पर 3) और मिचेल सैंटनर (11 पर 3) की घातक गेंदबाजी के दम पर मुम्बई इंडियंस ने आईपीएल-2025 के 63वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स को 59 रन से हरा प्लेऑफ में पहुंचने वाली चौथी टीम बन गई। इससे पहले गुजरात टाइटंस, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और पंजाब किंग्स प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर चुकी है।
मुंबई 13 मैचों में 8 जीत के साथ 16 अंकों के साथ अंक तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गई। वही दिल्ली 13 मैचों में छठवीं हार के साथ 13 अंकों के साथ पांचवे स्थान पर है। दिल्ली अगर अपना आखिरी मैच जीत भी जाती है तो उसके कुल 15 अंक होंगे जो क्वालीफाई करने में नाकाफी होंगे।
वानखेडे स्टेडियम पर मुंबई ने टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट पर 180 रन बनाए। जवाब में दिल्ली की टीम 18.2 ओवर में मात्र 121 रनों में सिमट गई।
181 रनों का लक्ष्य लेकर उतरी दिल्ली की शुरुआत काफी खराब रही। उसकी आधी टीम 9.2 ओवर में मात्र 65 रनों पर पवेलियन लौट गई। डु प्लेसिस (6), केएल राहुल (11), अभिषेक पोरेल (6), निगम (20) और स्टब्स (2) सस्ते में लौट गए। इसके बाद समीर (39) और अभिषेक शर्मा (18) ने पारी का स्कोर तीन अंकों के पार पहुंचाया। सैंटनर ने सर्वाधिक रन बनाने वाले समीर रिजवी (39) को बोल्ड किया। इसके बाद अन्य कोई बल्लेबाज दहाई का आंकडा नहीं छू सकें। मुंबई के लिए जसप्रीत बुमराह और सैंटनर ने 3-3 व बोल्ट, दीपक चाहर व विल जैक्स ने एक-एक विकेट लिया।
इससे पूर्व बल्लेबाजी करने उतरी मुम्बई इंडियंस की शुरुआत खराब रही और एक के बाद एक उसने 58 के स्कोर तक अपने तीन विकेट गवां दिये थे। इसके बाद सूर्यकुमार यादव (अवि. 73), तिलक वर्मा (27) व नमन धीर (अवि. 24) की आक्रामक पारियों की मदद से मुंबई ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट पर 180 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया।
43 गेंदों पर 7 चौको और 4 छक्को की मदद से नाबाद 73 रन बनाने वाले सूर्यकुमार यादव प्लेयर ऑफ द मैच रहे।

Comment List