आईपीएल-2026 : चेन्नई को लगा झटका, लखनऊ सुपर जायंट्स ने दर्ज की चौथी जीत
कार्तिक ने ठोके 71 रन
लखनऊ सुपर जायंट्स ने आईपीएल-2026 के 59वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स को 20 गेंदें शेष रहते सात विकेट से हराया। मिचेल मार्श ने 38 गेंद में 90 और निकोलस पूरन ने 32 नाबाद रन बनाए। चेन्नई की ओर से कार्तिक शर्मा ने 71 रन की पारी खेली।
लखनऊ। मिचेल मार्श (90) और निकोलस पूरन (नाबाद 32) की तूफानी बल्लेबाजी की बदौलत लखनऊ सुपर जायंट्स ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 59वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स को 20 गेंदें शेष रहते सात विकेट से शिकस्त दी।
निकोलस पूरन ने 17वें ओवर में लगातार चार छक्के लगाकर अपनी लखनऊ सुपर जायंट्स को टूर्नामेंट में चौथी जीत दिलाई। 188 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए मिचेल मार्श और जॉश इंग्लिस की सलामी जोड़ी ( 135) की शतकीय साझेदारी ने अच्छी शुरुआत की। मिचेल मार्श ने तूफानी बल्लेबाजी का पावरप्ले में प्रदर्शन करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स को मुक़ाबले से लगभग बाहर कर दिया था। कम्बोज के एक ओवर में लगातार चार छक्के जड़कर उन्होंने पावरप्ले के भीतर ही अपना अर्धशतक पूरा किया और पावरप्ले की समाप्ति तक लखनऊ सुपर जायंट्स ने 86 रन बना लिए थे। 12वें ओवर में मुकेश चौधरी ने जॉश इंग्लिस (36) को आउट कर चेन्नई सुपर किंग्स की पहली सफलता दिलाई। इसी ओवर की पांचवीं गेंद पर दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से शतक की ओर बढ़ रहे मिचेल मार्श रन आउट हो गये। मिचेल मार्श ने 38 गेंदों में नौ चौके और सात छक्के लगाते हुए 90 रनों की पारी खेली। लखनऊ सुपर जायंट्स ने 16.4 ओवरों में तीन विकेट पर 188 रन बनाकर मुकाबला सात विकेट से अपने नाम कर लिया।
निकोलस ने बनाए नाबाद 32 रन :
निकोलस पूरन ने 17 गेंदों में एक चौका और चार छक्के उड़ाते हुए नाबाद 32 रन बनाये। मुकुल चौधरी 13 रन बनाकर नाबाद रहे। इस हार के साथ चेन्नई सुपर किंग्स को बड़ा झटका लगा है और अंक तालिका में वह नीचे खिसकती हुई छठे स्थान पर पहुंच गई है। अब प्लेऑफ के लिए चेन्नई को अंतिम दोनों मुक़ाबले तो जीतने ही होंगे लेकिन उन्हें अन्य परिणामों पर भी निर्भर रहना पड़ेगा।
कार्तिक ने ठोके 71 रन :
कार्तिक शर्मा (71) और शिवम दुबे (नाबाद 32) की शानदार अर्धशतकीय पारी के दम पर चेन्नई सुपर ने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ पांच विकेट पर 187 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया। लखनऊ सुपर जायंट्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स को आकाश सिंह ने शुरुआती झटके दिये। चौथे ओवर में कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ (13) आकाश के पहले शिकार बने। इसके बाद संजू सैमसन (20) और उर्विल पटेल (छह) रन को भी आकाश ने आउट किया। उस समय चेन्नई सुपर किंग्स का स्कोर 51 रन था। ऐसे संकट के समय कार्तिक शर्मा ने डेवाल्ड ब्रेविस के साथ पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच चौथे विकेट लिए 70 रन जोड़े। 15वें ओवर में मोहम्मद शमी ने डेवाल्ड ब्रेविस को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। ब्रेविस ने 16 गेंदों में दो छक्कों की मदद से 25 रन बनाये। अगले ही ओवर में शाहबाज अहमद ने कार्तिक शर्मा का शिकार लिया। कार्तिक शर्मा ने 42 गेंदों में छह चौके और पांच छक्के लगाते हुए 71 रनों की पारी खेली।
चेन्नई सुपर किंग्स ने निर्धारित 20 ओवरों में पांच विकेट पर 187 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। शिवम दुबे ने 16 गेंदों में तीन चौके और दो छक्के उड़ाते हुए नाबाद 32 रनों की पारी खेली। प्रशांत वीर ने 10 गेंदों में नाबाद 13 रन बनाये। लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए आकाश सिंह ने तीन विकेट लिये। मोहम्मद शमी और शाहबाज अहमद ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

Comment List