आईपीएल-2026 : हैदराबाद ने रोका राजस्थान रॉयल्स का विजयी रथ, सनराइजर्स हैदराबाद 57 रन से जीती
इशान शतक से चूके
आईपीएल के 21वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद ने राजस्थान रॉयल्स को 57 रन से हराया। इशान किशन (91) और हेनरिक क्लासन (40) की बदौलत हैदराबाद ने 216 रन बनाए। राजस्थान 159 पर सिमटी। प्रफुल हिंगे और साकिब हुसैन ने 4-4 विकेट। राजस्थान की आधी टीम 9 रन पर आउट होकर शुरुआत में ही मैच हारी।
हैदराबाद। कप्तान इशान किशन (91) और हेनरिक क्लासन (40) की शानदार पारियों के बाद दाएं हाथ के मध्यम तेज गेंदबाज प्रफुल हिंगे (34 पर 4) और साकिब हुसैन (24 पर 4) की घातक गेंदबाजी की बदौलत सनराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल के 21 वें मैच में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) को 57 रनों से हरा उसके विजयी रथ को रोक दिया।
सनराइजर्स हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट पर 216 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।जवाब में राजस्थान रॉयल्स पारी 19 ओवर में 159 रनों में ढेर हो गई।
आधी टीम महज 9 रनों पर पवेलियन लौटी :
217 रनों का लक्ष्य लेकर उतरी राजस्थान रॉयल्स की शुरुआत काफी खराब रही। उसकी आधी टीम महज 9 रनों पर पवेलियन लौट गई। अपना डेब्यू मैच खेल रहे हिंगे ने पहले ही ओवर में तीन खिलाड़ियों वैभव सूर्यवंशी (0), ध्रुव जुरेल (0) व प्रिटोरियस (0) को आउट कर इतिहास रचते हुए स्कोर 1 रन पर 3 विकेट कर दिया। अगले ओवर में साकिब हुसैन ने यशस्वी जायसवाल (1) को नीतीश के हाथों लपकवाया। हिंगे ने तीसरे ओवर की अंतिम गेंद पर कप्तान रियान पराग (4) को अभिषेक शर्मा के हाथों कैच करा राजस्थान का स्कोर 5 विकेट पर 9 रन कर दिया । इसके बाद रवीन्द्र जडेजा (45) और डोनोवन फरेरा (69) ने छठे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी (118 रन) बना राजस्थान पारी को 100 रनों के पार पहुंचाया। इस जोड़ी को साकिब ने जुदा किया जब उसने फरेरा को बोल्ड कर दिया। फरेरा ने 44 गेंदों पर 7 चौको और 3 छक्को की मदद से सर्वाधिक 69 रन बनाए। अगले ही ओवर में मलिंगा ने जडेजा को विकेटकीपर के हाथों लपकवा हैदराबाद की जीत लगभग निश्चित कर दी। बाद के बल्लेबाज जोफ्रा (2), रवि बिश्नाई (0) व तुषार (25) कुछ खास नहीं कर सके और राजस्थान पारी 19 ओवर में 159 रनों में सिमट गई। हैदराबाद के लिए हिंगे और साकिब ने 4-4 व मलिंगा ने 2 विकेट लिए।
अभिषेक भी खाता नहीं खोल सके :
इससे पूर्व बल्लेबाजी करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद को पहले ही ओवर में जोफ्रा आर्चर ने अभिषेक को बिना खाता खोले ही पवेलियन भेज कर पहल झटका दिया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये इशान किशन ने ट्रेविस हेड के साथ दूसरे विकेट के लिए 54 रन जोड़े। सातवें ओवर में रियान पराग ने ट्रेविस हेड (18) का शिकार कर हैदराबाद को दूसरा झटका दिया। हेनरिक क्लासन ने इशान किशन के साथ पारी को संभाला और स्कोर को 143 तक ले गये, इसी दौरान 14वें ओवर में संदीप शर्मा ने शतक की ओर बढ़ रहे इशान किशन को अपनी ही गेंद पर कैच आउट कर बड़ा शिकार किया।
इशान शतक से चूके :
इशान किशन ने 44 गेंदों में आठ चौके और छह छक्के उड़ाते हुए 91 रनों की पारी खेली। इसके बाद 16वें ओवर में तुषार देशपांडे ने हेनरिक क्लासन को आउटकर सनराइजर्स हैदराबाद के रनों की रफ्तार को धीमा कर दिया। क्लासन ने 26 गेंदों में एक चौका और तीन छक्के लगाते हुए 40 रन बनाये। नीतीश कुमार रेड्डी ने 13 गेंदों में चार छक्के उड़ाते हुए 28 रन बनाये। उन्हें 19वें ओवर में आर्चर ने आउट किया। अनिकेत वर्मा (6) रनआउट हुये। सनराइजर्स हैदराबाद ने निर्धारित 20 ओवरों में छह विकेट पर 216 रनों का विशाल स्कोर बनाया। सलील अरोड़ा ने 13 गेंदों में नाबाद 24 रन बनाए। राजस्थान रॉयल्स के लिए जोफ्रा आर्चर ने दो विकेट लिए। संदीप शर्मा, तुषार देशपांडे और रियान पराग ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

Comment List