आईपीएल-2026 : लखनऊ सुपर जायंट्स ने आरसीबी को 9 रन से हराया, मिचेल मार्श का शतक
प्रिंस यादव को 3 विकेट
लखनऊ। लखनऊ सुपर जायंट्स ने लगातार 6 हार के बाद आईपीएल में जीत हासिल की है। बारिश से बाधित मैच में डीएलएस प्रणाली के आधार पर चैलेंजर्स बेंगलुरु को 9 रन से हराया। इकाना स्टेडियम में बारिश के कारण 19-19 ओवर का मैच खेला गया।
ऋषभ पंत का दिग्वेश राठी को आखिरी ओवर देने का फैसला सही साबित हुआ। उन्होंने इस ओवर में 10 रन देते हुए स्कोर का बचाव किया और लखनऊ सुपर जायंट्स को अभी टूर्नामेंट से बाहर होने से बचा लिया है।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ टीम ने निर्धारित 19 ओवर में 3 विकेट पर 209 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया । बारिश के कारण आरसीबी को रिवाइज्ड करके 213 रन का लक्ष्य दिया गया। जवाब में बेंगलुरु 6 विकेट पर 203 रन ही बना सकी।
मिचेल मार्श का विस्फोटक शतक :
लखनऊ के लिए सलामी बल्लेबाज मिचेल मार्श ने 111 रन की शतकीय पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 56 गेंदों का सामना करते हुए 9 चौके और 9 छक्के लगाए। निकोलस पूरन ने 38 और कप्तान ऋषभ पंत ने नाबाद 32 रन बनाए। बेंगलुरु की ओर से जोश हेजलवुड, क्रुणाल पंड्या और रसिख सलाम को एक-एक विकेट मिले।
कप्तान पाटीदार की फिफ्टी :
रन चेज में बेंगलुरु की शुरुआत धीमी रही। टीम 5.4 ओवर के पावरप्ले में 40 रन बनाने में जैकब बेथेल और विराट कोहली के विकेट गंवाए दिए। यहां से कप्तान रजत पाटीदार ने तीसरे विकेट के लिए देवदत्त पडिक्कल के साथ 53 गेंदों पर 95 रन की साझेदारी करके टीम को मैच में बनाए रखा। आखिरी में टिम डेविड (17 गेंद पर 40 रन) , क्रुणाल पंड्या (16 गेंद पर नाबाद 28 रन) और रोमारियो शेफर्ड (15 गेंद पर नाबाद 23 रन) की आक्रामक पारियां टीम को जीत नहीं दिला सकीं।
प्रिंस यादव ने 3 विकेट झटके :
लखनऊ की ओर से प्रिंस यादव ने 3 विकेट झटके। उन्होंने विराट कोहली (0), जितेश शर्मा (1) और देवदत्त पडिक्कल (34 रन) को पवेलियन भेजा। शहबाज अहमद को 2 और शमी को एक विकेट मिला।

Comment List