मैनचेस्टर टेस्ट : इंग्लैंड की मजबूत शुरुआत, बेन स्टोक्स का पंजा, भारत पारी 358 रनों पर सिमटी
इंग्लैंड पारी भारत से 133 रन पीछे
इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ चौथे टेस्ट के दूसरे दिन खेल समाप्ति तक दो विकेट पर 225 रन बना लिए थे।
मैनचेस्टर। सलामी बल्लेबाज जैक क्राउले (84) और बेन डकेट (94) के मध्य पहले विकेट के लिए बनाई गई 166 रनों की साझेदारी की बदौलत इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ चौथे टेस्ट के दूसरे दिन खेल समाप्ति तक दो विकेट पर 225 रन बना लिए थे। उस समय ओली पोप 20 व जो रूट 11 रन बना क्रीज पर मौजूद थे। इससे पूर्व भारत ने अपनी पहली पारी में 358 रन बनाए थे। इस प्रकार इंग्लैंड पारी भारत से 133 रन पीछे है और उसके 8 खिलाड़ी शेष है।
इंग्लैंड की आक्रामक शुरुआत :
इंग्लैंड ने पारी की आक्रामक शुरुआत की। ओपनर्स ने पहले 50 रन 10.1 ओवर में व 100 रन 18.5 ओवर में बना डाले। इसी दौरान बेन डकेट ने अपना अर्द्धशतक 46 गेंदों पर 7 चौको की मदद से बना डाला। भारत को पहली सफलता रवीन्द्र जडेजा ने 32 वें ओवर में दिलाई जब उन्होंने क्राउले को राहुल के हाथों लपकवाया। क्राउले ने 113 गेंदों का सामना करते हुए 13 चौको और एक छक्के की मदद से 84 रन बनाए। भारत को दूसरी सफलता पहला टेस्ट खेल रहे अंशुल कम्बोज को मिली जब उन्होंने बेन डकेट (94) को धु्रव जुरेल के हाथों लपकवाया। इसके बाद ओली पोप और रूट बिना किसी अन्य क्षति के इंग्लैंड के स्कोर को 225 रनों तक ले गए।
इससे पूर्व भारत ने ऋषभ पंत के अर्धशतक की मदद से अपनी पहली पारी में 358 रन बनाए। इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 72 रन देकर पांच विकेट और जोफ्रा आर्चर ने 73 रन पर तीन विकेट लिए। भारत ने दूसरे दिन वॉशिंगटन सुंदर, शार्दुल ठाकुर और ऋषभ पंत के साहस की बदौलत 350 से अधिक का स्कोर बनाया। भारत का इस सीरीज़ में ये छठा 350+ स्कोर है और एक सीरीज में टीम इंडिया की तरफ से ये सर्वाधिक है। इंग्लैंड की ओर से सबसे सफल गेंदबाज उनके कप्तान बेन स्टोक्स रहे जिन्होंने पंजा निकाला। भारत ने कल के चार विकेट पर 264 रन से आगे खेलना शुरू किया।

Comment List