एशियन गेम्स 2026 : अफगानिस्तान के साथ मैच बारिश में धुला, भारत सेमीफाइनल में
टॉस के समय ही खेल रद्द
निशिन (जापान)। बारिश के कारण कारोजी एथलेटिक पार्क में अफगानिस्तान के खिलाफ क्वार्टर फाइनल मैच रद्द होने के बाद बेहतर रैंकिंग वाली टीम होने के नाते भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम ने एशियाई खेल 2026 की क्रिकेट प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में जगह बना ली। एशियाई खेल 2026 के क्रिकेट नियमों के अनुसार, अगर कोई नॉकआउट मैच रद्द हो जाता है तो आईसीसी अंतरराष्ट्रीय टी-20 रैंकिंग के आधार पर बेहतर सीडिंग वाली टीम अगले दौर में पहुंचती है। भारत अभी दुनिया की नंबर वन टी-20 टीम है, जबकि अफगानिस्तान 10वें पायदान पर है।
इसी नियम की वजह से हांगझू 2023 में अफगानिस्तान के खिलाफ फाइनल रद्द होने के बाद भारत ने खिताब जीता था। अफगानिस्तान अभी तक किसी भी अंतरराष्ट्रीय टी-20 मैच में भारत को नहीं हरा पाया है। भारत ने आमने-सामने के 13 मैचों में से 11 जीते हैं, जबकि दो मैच बिना किसी नतीजे के खत्म हुए। डिफेंडिंग चैंपियन भारत का अगला मुकाबला बुधवार को सेमीफाइनल में बांग्लादेश और मलेशिया के बीच होने वाले क्वार्टर फाइनल मैच के विजेता से होगा। वहीं पाकिस्तान का मुकाबला टॉप चार में श्रीलंका या नेपाल से होगा, जिससे भारत बनाम पाकिस्तान स्वर्ण पदक मैच की संभावना बनी हुई है।
पाक-हांगकांग मैच भी रद्द :
पाकिस्तान और हांगकांग के बीच पहला क्रिकेट क्वार्टर फाइनल मुकाबला भी बारिश के कारण बिना एक भी गेंद फेंके रद्द कर दिया गया। टूर्नामेंट के नियमों के अनुसार आईसीसी रैंकिंग में हांगकांग से ऊपर होने के कारण पाकिस्तान को सीधे सेमीफाइनल में प्रवेश मिल गया। निशिन में दिन भर लगातार बारिश के कारण टॉस के समय ही खेल रद्द कर दिया गया। ब्रॉडकास्ट में दिखाया गया कि मैदान का एक बड़ा हिस्सा ढका हुआ था वहां भारी बारिश हो रही थी। पाकिस्तान उन चार सीडेड टीमों में से एक था, जिन्होंने सीधे क्वार्टर फाइनल के लिए क्वालिफाई किया था। वहीं, हांगकांग ने मलेशिया को आठ विकेट से हराकर और ओमान से 41 रन से हारकर तीन टीमों वाले ग्रुप बी में दूसरा स्थान हासिल करके क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई थी।

Comment List