सीनियर राष्ट्रीय महिला हॉकी के लिए राजस्थान खेल परिषद करेगी टीम का चयन, कमेटी बनाई
हॉकी इंडिया को लिखा पत्र
राजस्थान में हॉकी राजस्थान और राजस्थान हॉकी संघ के मध्य विवाद के बीच राजस्थान खेल परिषद ने कड़ा फैसला लेते हुए पंचकुल में होने वाली सीनियर राष्ट्रीय महिला हॉकी प्रतियोगिता के लिए खुद टीम का चयन करने की घोषणा की।
जयपुर। राजस्थान में हॉकी राजस्थान और राजस्थान हॉकी संघ के मध्य विवाद के बीच राजस्थान खेल परिषद ने कड़ा फैसला लेते हुए पंचकुला (हरियाणा) में होने वाली सीनियर राष्ट्रीय महिला हॉकी प्रतियोगिता के लिए खुद टीम का चयन करने की घोषणा की। टीम चयन के लिए शुक्रवार को सुबह नौ बजे चयन ट्रायल रखी गई है। परिषद ने अपने फैसले से हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह को भी अवगत करा दिया है। राजस्थान खेल परिषद के अध्यक्ष नीरज के पवन ने आज यहां बताया कि दो खेल संघों के बीच विवाद के कारण खिलाड़ियों के हित को ध्यान में रखते खेल परिषद द्वारा चयन ट्रायल का आयोजन किया जाएगा। टीम का चयन पूरी विष्पक्षता और पारदर्शी हो, इसके लिए एक चयन समिति का गठन किया गया है। इसकी सूचना हॉकी इंडिया, हॉकी राजस्थान और राजस्थान हॉकी एसोसिएशन को दे दी गई है।
ये हैं चयन समिति में :
राजस्थान खेल परिषद के सचिव राजेन्द्र सिंह सिसोदिया ने सायं एक आदेश जारी कर ट्रायल के लिए तीन सदस्यीय चयन समिति का गठन किया। चयन समिति में जयपुर में तैनात हॉकी प्रशिक्षक प्रश्न्त सप्रे, बूंदी में हॉकी कोच हर्षवर्धन सिंह और अजमेर हॉकी एकेडमी की कोच पल्लवी श्याम बर्वे को शामिल किया है। कमेटी टीम चयन कर परिषद सचिव को रिपोर्ट करेगी।
इसलिए पड़ी परिषद के हस्तक्षेप की जरूरत :
राजस्थान उच्च न्यायालय के हालिया फैसले के बाद राजस्थान में हॉकी को लेकर असमंजस की स्थिति बन गई थी। राजस्थान खेल परिषद के अध्यक्ष नीरज के पवन ने बताया कि राजस्थान हाई कोर्ट के 12 फरवरी को दिए फैसले के अनुसार राजस्थान क्रीडा अधिनियम 2005 के तहत हॉकी राजस्थान अपंजीकृत संस्था है। यह संस्था अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार राजस्थान शब्द का उपयोग नहीं कर सकती। वहीं राजस्थान हॉकी संघ के चुनाव भी समय पर नहीं हुए हैं। विवाद की स्थिति में परिषद को खिलाड़ियों के हित में हस्तक्षेप करना पड़ा है।
हॉकी इंडिया को लिखा पत्र :
परिषद के सचिव राजेन्द्र सिंह ने हॉकी इंडिया के महासचिव को लिखे पत्र में बताया है कि पूर्व में हॉकी राजस्थान द्वारा ही राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में राजस्थान टीम भिजवाई जाती थी लेकिन न्यायालय के आदेश के अनुसार हॉकी राजस्थान खेल कानून के तहत रजिस्टर्ड संस्था नहीं है। राजस्थान टीम का चयन राजस्थान खेल परिषद द्वारा किया जा रहा है। खेल परिषद द्वारा चयनित टीम को ही सीनियर राष्ट्रीय महिला हॉकी में शामिल किया जाए।
Comment List