रणजी फाइनल : कश्मीर का पहली बार चैंपियन बनना पक्का, आकिब का पंजा, कर्नाटक पारी 293 पर ढेर
दूसरी पारी में चार विकेट पर 186 रन बना लिए
रणजी फाइनल में जम्मू-कश्मीर क्रिकेट टीम ने कर्नाटक को फॉलोऑन न कराते हुए दूसरी पारी में चार विकेट पर 186 रन बनाए और कुल बढ़त 477 पहुंचाई। कामरान इकबाल 94 रन पर नाबाद। मयंक अग्रवाल ने 160 रन बनाए।
हुबली। जम्मू-कश्मीर ने कर्नाटक से फॉलोऑन न कराकर दूसरी पारी में खेलने का फैसला किया और रणजी फाइनल के चौथे दिन स्टंप्स तक अपनी दूसरी पारी में चार विकेट पर 186 रन बना लिए हैं।
जम्मू-कश्मीर ने इस तरह अपनी कुल बढ़त 477 रन पहुंचा कर खिताब पर पहली बार कब्जा करना पक्का कर लिया है। जम्मू-कश्मीर ने कर्नाटक को पहली पारी में 293 रन पर समेटने के बाद फॉलोऑन नहीं कराया और दूसरी पारी में खेलने का फैसला किया।
जम्मू-कश्मीर की दूसरी पारी में सलामी बल्लेबाज कामरान इकबाल ने नाबाद 94 रन बनाए, जबकि अब्दुल समद ने 32, कप्तान पारस डोगरा ने 16 और साहिल लूथरा ने नाबाद 16 रन बनाए। कर्नाटक की ओर से प्रसिद्ध कृष्णा ने दो विकेट लिए। इससे पहले कर्नाटक ने कल के पांच विकेट पर 220 रन से आगे खेलना शुरु किया। सुबह के सत्र में साहिल लूथरा ने कृतिक कृष्णा (36) को पगबाधा आउट किया। विद्याधर पाटिल (11 सुनील कुमार का शिकार बने। 91वें ओवर में आकिब नबी ने एक छोर थामे रन बना रहे शतकवीर मयंक अग्रवाल को पगबाधा आउट कर पवेलियन भेज दिया। मयंक अग्रवाल ने 266 गेंदों में 21 चौकों की मदद से 160 रनों की पारी खेली। शिखर शेट्टी (शून्य) को नबी ने आउट किया। 94वें ओवर की तीसरी गेंद पर युद्धवीर सिंह चरक ने प्रसिद्ध कृष्णा (चार) को आउट कर 293 के स्कोर पर कर्नाटक की पहली पारी का अंत कर दिया।
जम्मू-कश्मीर के लिए आकिब नबी ने पांच विकेट लिए। युद्धवीर सिंह चरक और सुनील कुमार को दो-दो विकेट मिले। साहिल लूथरा ने एक बल्लेबाज को आउट किया।

Comment List