आईपीएल-2026 से पहले आरसीबी और एसआरएच को लगा झटका, शुरू के मैचों से बाहर रह सकते है हेजलवुड-कमिंस
टी20 विश्व कप में भी नहीं ले पाए थे हिस्सा
आईपीएल-2026 से पहले टीमों की चिंता बढ़ी। जोश हेजलवुड चोट के कारण शुरुआती मैचों में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए उपलब्ध नहीं। वहीं, पैट कमिंस भी पीठ दर्द से सनराइजर्स हैदराबाद के शुरुआती मुकाबले मिस कर सकते, टीम संयोजन प्रभावित।
नई दिल्ली। आईपीएल-2026 की शुरूआत 28 मार्च से होनी है, लेकिन इससे पहले ही कई टीमों के लिए खिलाड़ियों की चोट चिंता का विषय बन गई है। गत चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड के बिना अपने अभियान की शुरूआत करने के लिए तैयार नजर आ रही है, जो फिलहाल चोट से उबरने की प्रक्रिया में हैं। इस चोट की वजह से वह पूरी एशेज सीरीज और टी20 विश्व कप से बाहर रहे। वहीं, ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज पैट कमिंस भी पीठ की चोट के कारण एसआरएच के शुरुआती मैचों से बाहर रह सकते है। उनकी जगह अभिषेक शर्मा और ईशान किशन कप्तानी की दौड़ से सबसे आगे है।
टी20 विश्व कप में भी नहीं ले पाए थे हिस्सा :
आरसीबी के स्टार गेंदबाज को हैमस्ट्रिंग में चोट लगी थी। जब वह ठीक हुए, तब उनकी एड़ी में तकलीफ शुरू हो गई। आईपीएल 2026 में वह अपनी फ्रेंचाइजी के लिए शुरूआती दो मैच नहीं खेल सकेंगे। आईपीएल में देर से आने वाले खिलाड़ियों की सूची में हेजलवुड के साथ एक और ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज पैट कमिंस का नाम भी जुड़ने की संभावना है। उम्मीद है कि कमिंस भी सनराइजर्स हैदराबाद के शुरूआती कुछ मैच नहीं खेल पाएंगे। जुलाई में लगी पीठ की हल्की चोट से उबरने के लिए कमिंस रिहैबिलिटेशन से गुजर रहे थे। सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान ने एशेज के दौरान सिर्फ एक टेस्ट मैच खेला था। जोश हेजलवुड के साथ पैट कमिंस टी-20 विश्व कप टीम से भी बाहर हो गए थे।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया रख रहा नजर :
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के मेडिकल स्टाफ ने पिछले कुछ महीनों से इन दोनों मुख्य खिलाड़ियों पर बारीकी से नजर बनाए रखी है। इससे दोनों खिलाड़ियों की अपनी-अपनी आईपीएल फ्रेंचाइजी के लिए उपलब्धता को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। हालांकि, फिलहाल वे सीजन के एक बड़े हिस्से में खेलने की दौड़ में पूरी तरह से बने हुए हैं। आईपीएल में हिस्सा लेने वाले अधिकतर ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी इस हफ्ते के आखिर में भारत के लिए रवाना होने वाले हैं।

Comment List