दूसरी इंडियन ओपन रिले प्रतियोगिता, राजस्थान ने जीते तीन पदक
स्पर्धा का स्वर्ण पदक हरियाणा ने हासिल किया
चंडीगढ़ में आयोजित दूसरी इंडियन ओपन रिले प्रतियोगिता में राजस्थान के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक रजत और दो कांस्य पदक अपने नाम किए।
जयपुर। चंडीगढ़ में आयोजित दूसरी इंडियन ओपन रिले प्रतियोगिता में राजस्थान के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक रजत और दो कांस्य पदक अपने नाम किए। राजस्थान एथलेटिक्स एसोसिएसन के महासचिव देवनारायण के अनुसार अंडर-20 महिलाओं की 4 गुणा 100 मीटर रिले में राजस्थान की कृतिका राठौड़, सोनू रावत, पूनम और अनकार चौधरी की टीम ने 53.89 सै. समय के साथ रजत पदक हासिल किया। इस स्पर्धा का स्वर्ण हरियाणा और कांस्य पदक तमिलनाडु की टीम ने हासिल किया।
डी. सिंह शेखावत, सौरभ टाक, गौरव यादव और राजकुमार बाजिया की राजस्थान टीम ने पुरुषों की अंडर-20 वर्ग की 4 गुणा 100 मीटर रिले में 42.22 से. समय के साथ कांस्य पदक जीता। इस स्पर्धा का स्वर्ण रिलायंस और रजत तमिलनाडु की चौकड़ी ने हासिल किया। राजस्थान को एक और कांस्य पदक अंडर-20 वर्ग की मिक्स्ड 4 गुणा 100 मीटर रिले में मिला। राजस्थान की हर्षिका, नीतू चौधरी, नितेश और धर्मराज जाखड़ की टीम ने 49.65 सै. समय से तीसरा स्थान हासिल किया। पुरुषों की अंडर-20 वर्ग की 4 गुणा 400 मीटर रिले में राजस्थान की प्रणव गोला, मुकुल सैनी, मोहित अजमेरा और साहिल बिश्नोई की टीम ने चौथा स्थान हासिल किया। पुरुषों की 4 गुणा 100 मीटर रिले स्पर्धा में भी राजस्थान की अंकित चौधरी, आर. खुरखुरिया, महेश कुमार और विवेक कछोटिया की टीम चौथे स्थान पर रही।

Comment List