श्रीलंका इलेवन ने पहले दिन बनाए 8 विकेट पर 363 रन, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव और मानव सुथार ने झटके 2-2 विकेट
मदुश्का ने अपनी पारी में 11 चौके और एक छक्का लगाया
कोलंबो। कुलदीप यादव, रवींद्र जडेजा और मानव सुथार (दो-दो विकेट) की बेहतरीन गेंदबाजी की बदौलत भारत ने एकमात्र अभ्यास मैच के पहले दिन श्रीलंका इलेवन के 363 रन पर 8 विकेट झटक लिए। श्रीलंका इलेवन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। निशान मदुश्का और रविंदु रसंता की सलामी जोड़ी ने तेज शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिए 110 रनों की साझेदारी की। 21वें ओवर में निशान मदुश्का (65 गेंदों में 66) के रनआउट होने पर यह साझेदारी टूटी। मदुश्का ने अपनी पारी में 11 चौके और एक छक्का लगाया।
संजूला सूर्याबंडारा ने रविंदु रसंता के साथ पारी को संभाला। 40वें ओवर में रवींद्र जडेजा ने संजूला सूर्याबंडारा (35) को बोल्ड कर इस साझेदारी का अंत किया। 50वें ओवर में मानव सुथार ने रविंदु रसंता (143 गेंदों में 71 रन) को आउट किया। उन्होंने अपनी पारी में छह चौके और एक छक्का लगाया। पवन रत्नायके (39) को गुरनूर बराड़ ने आउट किया। अगले ही ओवर में अहान विक्रमसिंघे (31) को कुलदीप यादव ने आउट किया। अंजला बंडारा (13) को आउट कर कुलदीप ने अपना दूसरा विकेट लिया।
रमेश मेंडिस (32) को रवींद्र जडेजा ने आउट किया। कप्तान सोनल दिनुशा ने 72 गेंदों में पांच चौकों और एक छक्के की मदद से 52 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। मानव सुथार ने दिनुशा को पगबाधा आउट कर भारत को आठवीं सफलता दिलाई। स्टंप्स के समय श्रीलंका इलेवन ने 90 ओवरों में आठ विकेट पर 363 रन बना लिए है। स्टंप के समय केशरा नुवंता (नाबाद नौ) और दिलम सुदीरा (नाबाद एक) क्रीज पर मौजूद थे।

Comment List