टी-20 विश्वकप : भारत चौथी बार फाइनल में, इंग्लैंड को रोमांचक मुकाबले में 7 रन से हराया
बेथेल के शतक पर भारी पड़ी संजू सैमसन की पारी
इंडिया ने सेमीफाइनल में इंग्लैंड को सात रन से हराकर टी-20 विश्वकप के फाइनल में जगह बना ली। संजू सैमसन के 89 रन से भारत ने 253/7 बनाए। इंग्लैंड 246/7 ही बना सकी। फाइनल में भारत का सामना न्यूजीलैंड से 8 मार्च को Narendra Modi Stadium, अहमदाबाद में होगा।
मुंबई। संजू सैमसन (89) की शानदार बल्लेबाजी के बाद भारतीय गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन की बदौलत टीम इंडिया ने सेमीफाइनल में इंग्लैंड को सात रन से हराकर टी-20 विश्व कप 2026 के फाइनल में प्रवेश कर लिया। अब टीम इंडिया का सामना रविवार को फाइनल में न्यूजीलैंड से होगा। फाइनल रविवार (8 मार्च) को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। भारत लगातार दूसरी बार खिताब जीतने का लक्ष्य लेकर उतरेगा। भारत ने चौथी बार टी-20 वर्ल्डकप के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। टीम 2007, 2014, 2024 में भी फाइनल तक पहुंच चुकी है।
इंग्लैंड की शुरुआत खराब रही :
254 रनों का लक्ष्य लेकर उतरी इंग्लैंड की शुरूआत खराब रही। टीम ने पावरप्ले में 68 रन बनाने में शीर्ष-3 विकेट गंवा दिए थे। वरुण चक्रवर्ती ने जोस बटलर (25 रन), जसप्रीत बुमराह ने हैरी ब्रूक (7 रन) और हार्दिक पंड्या ने फिल सॉल्ट (5 रन) को पवेलियन की राह दिखाई।
बेथेल की दो साझेदारियां :
नंबर-4 पर बल्लेबाजी करने उतरे जैकब बेथेल ने एक छोर से पारी संभाले रही। उन्होंने 48 गेंदों पर 105 रन बनाए। बेथेल ने 3 अहम साझेदारियां की। उन्होंने टॉम बैंटन के साथ चौथे विकेट के लिए 10 गेंदों पर 31 रन, विल जैक्स के साथ 5वें विकेट के लिए 39 गेंदों पर 77 और सैम करन के साथ छठे विकेट के लिए 27 गेंद पर 50 रन की साझेदारी की, लेकिन वह 20वें ओवर की पहली गेंद पर रनआउट होने के बाद इंग्लैंड की टीम हार गई।
भारत ने बनाए 7/253 रन :
इससे पूर्व इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। भारत ने 20 ओवर में सात विकेट पर 253 रन बनाए। जवाब में इंग्लैंड की टीम निर्धारित ओवरों में सात विकेट पर 246 रन ही बना सकी। उनके लिए जैकब बेथेल ने 105 रन बनाए, लेकिन वह अपनी टीम को फाइनल में पहुंचाने में नाकाम रहे।

Comment List