महिला एशिया कप : स्मृति मंधाना की रिकॉर्ड शतकीय पारी से भारत नॉकऑउट में, हांगकांग को 137 रन से हराया
दीप्ति शर्मा ने मात्र 9 रन पर तीन विकेट झटके
दुबई। ओपनर स्मृति मंधाना की 124 रन की रिकॉर्ड शतकीय पारी की बदौलत भारत ने महिला एशिया कप में हांगकांग को एकतरफा अंदाज में 137 रन से हरा दिया। भारतीय टीम इस जीत के साथ नॉकऑउट के लिए क्वालीफाई करने वाली पहली टीम बन गई। भारत ने पांच विकेट पर 193 रन का विशाल स्कोर बनाने के बाद हांगकांग को 16.2 ओवर में मात्र 56 रन पर ढेर कर दिया। दीप्ति शर्मा ने मात्र 9 रन पर तीन विकेट झटके, जबकि नंदनी शर्मा, श्रीचरणी और प्रेमा रावत को दो-दो विकेट मिले। हांगकांग ने 16वें ओवर में तीन विकेट गंवाए।
मिताली राज को पीछे छोड़ा :
इससे पहले, मंधाना (10880) कमाल की पारी खेली। अब वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे अधिक रन बनाने वाली बल्लेबाज बन गई हैं। साथ ही वह सबसे अधिक शतक लगाने वाली महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर बन गई हैं।
भारत ने अपनी पारी का शानदार अंत करते हुए 193 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। स्मृति मंधाना ने शानदार पारी खेलते हुए 124 रन बनाए, जो टी-20 में उनका अब तक का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है। साथ ही, उन्होंने मिताली राज (10868) को पीछे छोड़कर महिला इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत के लिए सबसे ज़्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी बनकर इतिहास रच दिया। मंधाना ने 64 गेंदों की अपनी शतकीय पारी में 14 चौके और सात छक्के लगाए। वह आखिरी ओवर में रन आउट हुईं।
हांगकांग के लिए यह मैच मुश्किल भरा रहा। वे सही लेंथ पर गेंदबाजी करने और बल्लेबाजों पर दबाव बनाने में संघर्ष करते दिखे। कैच छोड़ने और बहुत ज्यादा खराब गेंदें फेंकने के बावजूद, वे शुरुआत में बच गए क्योंकि मंधाना और शेफाली वर्मा ने संभलकर खेलना शुरू किया था। हालाँकि, पावरप्ले खत्म होने के बाद मंधाना ने तेजी दिखाई और पूरी तरह से अपना दबदबा बना लिया।
शेफाली वर्मा ने 28, प्रतीका रावल ने 10, ऋचा घोष ने 11 और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 10 रन का योगदान दिया। हांगकांग की तरफ से मरीना लैंपलो ने दो विकेट लिए।

Comment List