वूमेन नेशनल रैंकिंग तीरंदाजी : तेज गर्मी में 400 से ज्यादा महिला तीरंदाजों ने साधे निशाने, खुशबू, शिवानी और खुशी रैंकिंग राउण्ड में टॉप-3 में
गर्मी से बचाव के लिए खिलाड़ी स्कोरिंग के लिए जाते हुए छातों का सहारा लेती नजर आईं
एनटीपीसी खेलो इंडिया वूमेन नेशनल रैंकिंग तीरंदाजी के पहले दिन देशभर से आई चार सौ से ज्यादा महिला तीरन्दाजों ने निशाने साधे।
जयपुर। तेज गर्मी के बावजूद जगतपुरा स्थित तीरंदाजी रेंज पर आयोजित एनटीपीसी खेलो इंडिया वूमेन नेशनल रैंकिंग तीरंदाजी के पहले दिन देशभर से आई चार सौ से ज्यादा महिला तीरन्दाजों ने निशाने साधे। गर्मी से बचाव के लिए खिलाड़ी स्कोरिंग के लिए जाते हुए छातों का सहारा लेती नजर आईं। प्रतियोगिता में सीनियर, जूनियर और सब-जूनियर वर्गों की रिकर्व और कंपाउंड दोनों श्रेणियों में टॉप-16 रहीं महिला प्रतिभागियों ने पदक राउण्ड के लिए क्वालीफाई किया। रैंकिंग राउण्ड में राजस्थान की खुशबू, शिवानी और खुशी ने अपने- अपने वर्ग में टॉप-3 में रहते हुए पदक राउण्ड में जगह बनाई।
इससे पूर्व भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व अध्यक्ष श्रीमती एकता अग्रवाल ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजस्थान एथलेटिक्स एसोसिएशन के महासचिव देवनारायण गुर्जर ने की। राजस्थान तीरंदाजी संघ के महासचिव सुरेंद्र सिंह गुर्जर ने बताया कि प्रतियोगिता को तकनीकी रूप से सफल बनाने हेतु भारतीय तीरंदाजी संघ द्वारा 10 अनुभवी तकनीकी अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। उन्होंने बताया कि 19 अप्रैल को प्रतियोगिता के दूसरे दिन मेडल मुकाबले आयोजित किए जाएंगे।

Comment List