छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की 10 दिन की पाठशाला : राहुल गांधी देंगे नेतृत्व का मंत्र, प्रशिक्षण शिविर में जुटेंगे जिला एवं शहर अध्यक्ष
वेणुगोपाल ने अध्यक्षों को प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने के लिए किया आमंत्रित
रायपुर। कांग्रेस ने संगठन सृजन अभियान के तहत छत्तीसगढ़ के सभी जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्षों के लिए 21 से 30 जून तक 10 दिवसीय अनिवार्य प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया है, जिससे संबंधित पत्र शनिवार देर रात पार्टी के राष्ट्रीय संगठन ने जारी किया गया है। शिविर रायपुर के चांदी मोड़ स्थित अशोका अल्का अवतार मंगल भवन में आयोजित किया जाएगा। कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व को भेजे पत्र में बताया कि संगठन सृजन अभियान के माध्यम से नियुक्त जिला एवं शहर कांग्रेस अध्यक्षों ने 10 फरवरी को राष्ट्रीय राजधानी के इंदिरा भवन में आयोजित एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लिया था, जहां उन्हें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ था।
पत्र के अनुसार, अब संगठनात्मक मजबूती और नेतृत्व क्षमता के विकास के उद्देश्य से 21 जून से 30 जून तक 10 दिवसीय अनिवार्य प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें पार्टी नेता राहुल गांधी की भी सहमति प्राप्त हो चुकी है और वह शिविर के दौरान किसी एक दिन उपस्थित होकर प्रतिभागियों का मार्गदर्शन करेंगे। वेणुगोपाल ने सभी जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्षों को प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने के लिए औपचारिक रूप से आमंत्रित करते हुए कहा है कि वे इस अवसर का पूरा लाभ उठाएं। साथ ही प्रदेश कांग्रेस कमेटी से प्रशिक्षण विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया है।
पत्र में कांग्रेस सचिवों से पूरे 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में उपस्थित रहने की अपेक्षा व्यक्त की गई है। वहीं पार्टी महासचिव, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष तथा कांग्रेस विधायक दल के नेता से यथासंभव अधिक समय तक शिविर में रहने और कम से कम पांच दिनों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया है। इसमें प्रशिक्षण शिविर के पहले दो दिन और अंतिम दो दिन शामिल होंगे। कांग्रेस द्वारा जारी निर्देश के अनुसार सभी प्रतिभागियों को 21 जून को दोपहर 12 बजे तक प्रशिक्षण स्थल पर अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करनी होगी।

Comment List