चीन की कोयला खदान में विस्फोट : 90 लोगों की मौत, कई लोगों के दबे होने की भी खबर
खदान संचालन करने वाली कंपनी के अधिकारी गिरफ्तार
उत्तरी चीन की शांक्सी प्रांत स्थित लियुशेन्यू कोयला खदान में गैस विस्फोट से कम से कम 90 खनिकों की मौत हो गई, जबकि कई घायल और कुछ लापता हैं। हादसे के वक्त 247 मजदूर खदान में थे। जहरीली गैस और सुरक्षा चूक की आशंका के बीच बचाव अभियान जारी है। राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने सख्त जांच के आदेश दिए, कंपनी अधिकारी हिरासत में लिए गए।
बीजिंग। उत्तरी चीन की एक कोयला खदान में गैस विस्फोट होने से कम से कम 90 लोगों की मौत हो गई है। इस हादसे में दर्जनों लोग जख्मी हुए हैं और कुछ लोग अब भी लापता हैं। यह हादसा शुक्रवार देर रात शांक्सी प्रांत में चांग्झी शहर के पास स्थित लियुशेन्यू कोयला खदान में उस वक्त हुआ, जब लगभग 247 खनिक जमीन के नीचे काम कर रहे थे। स्थानीय मीडिया के मुताबिक, माना जा रहा है कि खदान के भीतर कार्बन मोनोआॅक्साइड का स्तर सुरक्षा मानकों से काफी ऊपर चला गया था, जिसके चलते यह जोरदार धमाका हुआ। बचाव अधिकारियों ने बताया कि शनिवार दोपहर तक नौ मजदूर अब भी मलबे में फंसे हुए थे। उन्हें निकालने के लिए बचाव अभियान चलाया जा रहा है। चीनी मीडिया के अनुसार, घायल हुए कई लोग जहरीली गैस की चपेट में आ गए हैं। शुरुआती खबरों में मरने वालों की तादाद कम बताई गई थी, लेकिन जैसे-जैसे शवों को बाहर निकालने का काम आगे बढ़ा, मृतक संख्या बढ़ती गई।
खदान संचालन करने वाली कंपनी के अधिकारी गिरफ्तार
चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने अधिकारियों को घायलों के इलाज और बचाव कार्य में ‘कोई कोर-कसर न छोड़ने’ का निर्देश दिया है। इसके साथ ही उन्होंने हादसे की पूरी जांच करने और इसके लिए जिम्मेदार लोगों की सख्त जवाबदेही तय करने की बात कही है। अधिकारियों ने खदान का संचालन करने वाली कंपनी ‘शांक्सी टोंगझोउ कोल एंड कोक ग्रुप’ से जुड़े आला अधिकारियों को हिरासत में ले लिया है।

Comment List