जहरीली हवा को साफ दिखाने का खेल? सरकार पर AAP का हमला
AAP ने उठाए गंभीर सवाल
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) ने दिल्ली में वायु प्रदूषण के आंकड़ों में कथित हेराफेरी को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए सोमवार को कहा कि सरकार वास्तविक प्रदूषण स्तर को कम दिखाकर दिल्लीवासियों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। आप के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि रेखा गुप्ता सरकार वास्तविक प्रदूषण स्तर को कम दिखाकर दिल्लीवासियों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदूषण कम करने के ठोस उपाय करने के बजाय एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशनों पर पानी का छिड़काव करा रही है, ताकि एक्यूआई के आंकड़े कम दर्ज हों। उन्होंने दावा किया कि औसत एक्यूआई कम दिखाने के उद्देश्य से 20 नये मॉनिटरिंग स्टेशन हरे-भरे और कम आबादी वाले इलाकों में लगाये गये हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदूषण के वास्तविक आंकड़े सामने नहीं आने से लोगों को अपनी सेहत के बारे में सही जानकारी नहीं मिल पायेगी। उन्होंने इसे ब्लड प्रेशर और डायबिटीज की जांच से जोड़ते हुए कहा कि यदि किसी व्यक्ति की जांच करने वाली मशीन जानबूझकर गलत रीडिंग देने लगे, तो वह अपनी बीमारी की गंभीरता को समझ नहीं पायेगा और जरूरी सावधानियां भी नहीं बरतेगा। इसी तरह एक्यूआई के आंकड़े कम दिखाये जाने से लोगों को प्रदूषण के वास्तविक खतरे का अंदाजा नहीं होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि इसका सबसे ज्यादा असर पहले से बीमार लोगों, बुजुर्गों और बच्चों पर पड़ सकता है।
आप नेता ने आरोप लगाया कि सरकार ने 20 नये वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्र ऐसे इलाकों में स्थापित किये हैं, जहां हरियाली अधिक है और आबादी तथा यातायात का दबाव अपेक्षाकृत कम है। उन्होंने आनंद विहार जैसे प्रदूषण प्रभावित इलाकों का उदाहरण देते हुए कहा कि इन क्षेत्रों में वाहनों और आबादी का दबाव अधिक होने के कारण प्रदूषण का स्तर भी ज्यादा रहता है। इसके विपरीत कम प्रदूषण वाले इलाकों में नए स्टेशन लगाने से औसत एक्यूआई कम दिखायी दे सकता है, जबकि इससे वास्तविक प्रदूषण में कोई कमी नहीं आती। भारद्वाज ने आईटीआई जहांगीरपुरी स्थित एक्यूआई मॉनिटरिंग स्टेशन का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि उसके ऊपर लगातार पानी का छिड़काव किया जा रहा है। उनका कहना था कि पानी के छिड़काव से निगरानी केंद्र पर दर्ज होने वाला प्रदूषण स्तर प्रभावित हो सकता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि दिवाली की रात कुछ एक्यूआई मॉनिटरिंग स्टेशन बंद करा दिये गये थे। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सरकार प्रदूषण के आंकड़ों को लेकर पारदर्शिता नहीं बरत रही है, तो उसके द्वारा जारी किए जा रहे आंकड़ों पर जनता कैसे भरोसा करे।
आप प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी ने इस मामले में वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) और केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) को लिखित शिकायत दी है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के साथ संबंधित एजेंसियां भी इस कथित गड़बड़ी पर चुप्पी साधे हुए हैं। सरकार के आधिकारिक आंकड़ों पर लोगों का भरोसा लगातार कम हो रहा है और वह स्वयं भी इन आंकड़ों पर विश्वास नहीं करते। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार को प्रदूषण के वास्तविक आंकड़े जनता के सामने रखने चाहिए और अपनी जिम्मेदारी से बचने के बजाय प्रदूषण की स्थिति स्वीकार करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार को बच्चों और पहले से बीमार लोगों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए पारदर्शी तरीके से एक्यूआई की जानकारी देनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि मॉनिटरिंग स्टेशनों की कार्यप्रणाली की जांच करायी जाये और प्रदूषण के आंकड़ों में किसी भी तरह की कथित हेराफेरी पर जवाबदेही तय की जाये।

Comment List