अमेरिका का ईरान के खिलाफ़ बड़ा एक्शन, 'ऑपरेशन इकोनॉमिक आउटकास्ट' के तहत लगाए नए प्रतिबंध
सैन्य, साइबर और तेल नेटवर्क पर सख्त कार्रवाई
वॉशिंगटन। अमेरिका ने ईरान से जुड़े कई संस्थानों, व्यक्तियों और जहाजों पर व्यापक नए प्रतिबंध लगाने की घोषणा की है। विदेश विभाग ने एक प्रेस विज्ञप्ति में यह जानकारी दी। इन प्रतिबंधों के दायरे में ईरानी सैन्य अधिकारी, खरीद नेटवर्क, साइबर समूह तथा संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), चीन, सिंगापुर और यूरोप के रास्ते ईरानी पेट्रोलियम और पेट्रोकेमिकल उत्पादों के परिवहन में शामिल जहाजरानी कंपनियां और बिचौलिए शामिल हैं।
विदेश विभाग ने कहा कि इन प्रतिबंधों का उद्देश्य ईरान की सैन्य गतिविधियों, साइबर अभियानों और तेल कारोबार पर कार्रवाई करना है। विभाग ने बताया कि प्रतिबंधों का साइबर संबंधी हिस्सा संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) के साथ समन्वय में लागू किया गया है। यह कार्रवाई आठ ईरानी नागरिकों के खिलाफ आरोप तय किए जाने के बाद की गई है, जिन पर अमेरिकी ऊर्जा कंपनियों, रक्षा ठेकेदारों, स्वास्थ्य संस्थानों और सरकारी कार्यालयों के कंप्यूटर नेटवर्क से छेड़छाड़ करने का आरोप है।
विदेश विभाग के 'रिवार्ड्स फॉर जस्टिस' कार्यक्रम ने पिछले सप्ताह अमेरिकी महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे के खिलाफ साइबर गतिविधियों में कथित रूप से शामिल पांच लोगों के बारे में सूचना देने पर एक करोड़ डॉलर तक के इनाम की घोषणा की थी। नए प्रतिबंध ईरान पर अमेरिकी दबाव बढ़ाने की दिशा में एक और बड़ा कदम हैं। यह कार्रवाई ऐसे समय की गई है जब अमेरिका कथित तौर पर सैन्य कार्रवाई, नाकाबंदी और धमकियों के जरिए ईरान को झुकाने में विफल रहा है।

Comment List