एक और भारतीय टैंकर ने होर्मुज किया पार : ला रहा 20,400 टन एलपीजी, अब तक 26 हजार से अधिक उपभोक्ताओं ने एलपीजी कनेक्शन किए वापस
2,009 से अधिक भारतीय नाविकों को वापस लाया गया
पश्चिम एशिया संकट के बीच सरकार ने भरोसा दिलाया कि देश में एलपीजी आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। 20,400 टन गैस से भरा ‘जग विक्रम’ सुरक्षित होर्मुज पार कर चुका है और 51.5 लाख सिलेंडर वितरित हुए। 2,009 भारतीय नाविक लौटे। वहीं, डीजल निर्यात पर उत्पाद शुल्क बढ़ाकर 24 रु/लीटर कर दिया गया है।
नई दिल्ली। सरकार ने एक बार फिर स्पष्ट किया है कि पश्चिम एशिया संकट के बावजूद देश में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति सामान्य बनी हुई है और 20 हजार टन एलपीजी से लदे भारत के एक और गैस टैंकर ने होर्मुज स्ट्रेट सुरक्षित पार कर लिया है। सरकार ने शनिवार को फिर दोहराया कि देश में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति सामान्य बनी हुई है और शुक्रवार को 51.5 लाख से अधिक सिलेंडर वितरित किए गए। भारत के ध्वज वाले एलपीजी पोत जग विक्रम ने लगभग 20,400 टन एलपीजी के साथ सुरक्षित रूप से होर्मुज़ जलडमरूमध्य को पार कर लिया है। सरकार की अपील के बाद अब तक 26,000 से अधिक पीएनजी उपभोक्ताओं ने अपने एलपीजी कनेक्शन वापस कर दिए हैं। सरकार ने लोगों से एक बार फिर अपील की है कि वे पेट्रोल, डीज़ल और एलपीजी की घबराहट में खरीदारी से बचें और जानकारी के लिए केवल आधिकारिक स्रोतों पर भरोसा करें। एलपीजी उपभोक्ताओं से अनुरोध है कि वे डिजिटल बुकिंग प्लेटफॉर्म का उपयोग करें और वितरकों के पास जाने से बचें।
2,009 से अधिक भारतीय नाविकों को वापस लाया गया
सरकार ने कहा है कि अब तक 2,009 से अधिक भारतीय नाविकों को खाड़ी क्षेत्र से सुरक्षित वापस लाया गया है। पिछले 24 घंटों में 81 भारतीय देश लौटे हैं। भारतीय मिशन और पोस्ट भारतीय नागरिकों के लिए चौबीसों घंटे हेल्पलाइन और सक्रिय सहायता जारी रखे हुए हैं।
डीजल निर्यात पर उत्पाद शुल्क में भारी बढ़ोतरी
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने पश्चिम एशिया संकट के बीच मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए निर्यात किए जाने वाले डीजल पर विशेष अतिरिक्त उत्पाद शुल्क को बढ़ाकर 24 रुपए प्रति लीटर कर दिया है। इसके अलावा, सड़क एवं अवसंरचना उपकर के रूप में लगाए जाने वाले अतिरिक्त उत्पाद शुल्क को भी बढ़ाकर 36 रुपए प्रति लीटर कर दिया है। यह बढ़ोतरी तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। सरकार ने इससे पहले 27 मार्च को घरेलू बिक्री वाले पेट्रोल और डीजल पर विशेष अतिरिक्त उत्पाद शुल्क में 10-10 रुपये प्रति लीटर की कटौती की थी। पेट्रोल पर इसे 13 रुपए से घटाकर तीन रुपए और डीजल पर 10 रुपए से घटाकर शून्य किया गया था।

Comment List