डोनाल्ड ट्रंप की सुरक्षा ​में फिर बड़ी चूक: अमेरिका व्हाइट हाउस पर भीषण गोलीबारी, जवाबी कार्रवाई में हमलावर की मौत

डोनाल्ड ट्रंप सुरक्षित

डोनाल्ड ट्रंप की सुरक्षा ​में फिर बड़ी चूक: अमेरिका व्हाइट हाउस पर भीषण गोलीबारी, जवाबी कार्रवाई में हमलावर की मौत
अमेरिका में व्हाइट हाउस के पास सुरक्षा चौकी पर गोलीबारी करने वाले 21 वर्षीय संदिग्ध नासिरे बेस्ट को सीक्रेट सर्विस ने मार गिराया है। घटना में एक राहगीर गंभीर रूप से घायल हुआ है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सुरक्षित हैं। जांच में सामने आया कि आरोपी पहले भी ट्रंप को नुकसान पहुंचाने की धमकी दे चुका था।

वॉशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति भवन व्हाइट हाउस के निकट रविवार को एक सुरक्षा जांच चौकी की ओर बढ़कर गोलीबारी करने वाले एक व्यक्ति को सीक्रेट सर्विस के अधिकारियों ने गोली मार दी जिससे उसकी मौत हो गयी। घटना में एक राहगीर गंभीर रूप से घायल हो गया। सीक्रेट सर्विस के प्रवक्ता के अनुसार शनिवार शाम करीब छह बजे एक व्यक्ति व्हाइट हाउस परिसर के बाहर स्थित सुरक्षा जांच चौकी के पास पहुंचा और अधिकारियों पर गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाकर्मियों ने भी गोली चलाई, जिसमें संदिग्ध घायल हो गया। बाद में अस्पताल में उसकी मृत्यु हो गयी।

प्रवक्ता ने बताया कि गोलीबारी के दौरान एक राहगीर भी गोली लगने से घायल हो गया। यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उसे संदिग्ध की गोली लगी या जवाबी गोलीबारी के दौरान वह घायल हुआ। घटना में सीक्रेट सर्विस का कोई भी अधिकारी घायल नहीं हुआ। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप उस समय व्हाइट हाउस में मौजूद थे और सुरक्षित रहे। व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रपति को घटना की जानकारी दे दी गयी है। कानून विभाग के अधिकारियों के अनुसार घायल राहगीर की हालत गंभीर बनी हुई है।

यह घटना व्हाइट हाउस संवाददाता रात्रिभोज के एक महीने से भी कम समय बाद हुई है, जब गोली चलने की आवाज सुनकर पत्रकारों और ट्रंप प्रशासन के अधिकारियों को सुरक्षा के लिए टेबलों की आड़ लेनी पड़ी थी। ट्रंप ने रविवार तड़के ट्रुथ सोशल पर जारी एक पोस्ट में सीक्रेट सर्विस और कानून प्रवर्तन एजेंसियों की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह घटना भविष्य के राष्ट्रपतियों के लिए वॉशिंगटन में और अधिक सुरक्षित एवं संरक्षित परिसर की आवश्यकता को दर्शाती है।

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार मारे गये संदिग्ध की पहचान 21 वर्षीय नासिरे बेस्ट के रूप में हुई है। जांच एजेंसियों के सूत्रों ने बताया कि उसका पहले भी सीक्रेट सर्विस से सामना हो चुका था। सूत्रों के अनुसार, जून 2025 में उसने व्हाइट हाउस के प्रवेश मार्ग को अवरुद्ध कर दिया था, और स्वयं को ‘ईश्वर’ बताया था। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर मानसिक स्वास्थ्य परीक्षण के लिए साइकेट्रिक इंस्टीट्यूट ऑफ वॉशिंगटन भेजा गया था।

Read More पहले दी ईरान पर ‘भीषण हमले’ की चेतावनी : देर रात रद्द की हमले की योजना, ट्रंप बोले- खार्ग द्वीप पर करेंगे पूर्ण कब्जा

जुलाई 2025 में भी उसे व्हाइट हाउस परिसर के एक मार्ग में प्रवेश करने की कोशिश के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। बाद में अदालत ने उसे व्हाइट हाउस परिसर से दूर रहने का आदेश दिया था। जांच के दौरान अधिकारियों को उसके सोशल मीडिया पोस्ट भी मिले थे, जिनमें उसने स्वयं को ‘असल ओसामा बिन लादेन’ बताया था तथा ट्रंप को नुकसान पहुंचाने की इच्छा जाहिर की थी। कानून प्रवर्तन अधिकारियों का कहना है कि इससे पहले उसे कभी हिंसक व्यवहार करते या हथियार का इस्तेमाल करते नहीं देखा गया था।

Read More अमेरिका-ईरान के बीच शांति समझौते की उम्मीद में हरे निशान में खुला बाजार: सेंसेक्स 1,000 अंक उछला, इन शेयरों पर रखें नज़र

Post Comment

Comment List

Latest News

मुख्यमंत्री ने कृषि उपज मण्डी समितियों में विकास कार्यों को दी स्वीकृति, 18 करोड़ 86 लाख रुपये की लागत से मण्डी यार्ड मुख्यमंत्री ने कृषि उपज मण्डी समितियों में विकास कार्यों को दी स्वीकृति, 18 करोड़ 86 लाख रुपये की लागत से मण्डी यार्ड
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राज्य की विभिन्न कृषि उपज मण्डी समितियों के आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ बनाने के लिए 18...
तेलंगाना में 'डिजिटल कैबिनेट' शुरू: सचिवालय में हुई अनौपचारिक कैबिनेट बैठक, कई अहम मुद्दों पर चर्चा
अमेरिका-ईरान समझौता: 60 दिनों में अंतिम डील पर सहमति, पीएम शरीफ ने बतौर मध्यस्थ 'इस्लामाबाद एमओयू' पर किए दस्तख़त
हनुमान बेनीवाल का भाजपा सरकार पर हमला, कहा- राकेश जाट हत्याकांड में सरकार जिम्मेदारी निभाने में नाकाम
"पीएम‑किसान" के तहत देशभर के 9.44 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में पहुंचेंगे लगभग 18,880 करोड़ : शिवराज
डायरेक्ट सेलिंग कंपनियों और विक्रेताओं को नियम मानने के निर्देश, ग्राहकों को मिलेगा ज्यादा संरक्षण
गहलोत का भाजपा सरकार पर निशाना, कहा- कोटा और बीकानेर पीड़ित परिवारों को तुरंत मुआवजा दे सरकार