जंतर-मंतर पर बैन : CJP कार्यकर्ताओं के साथ गेट फांदकर पहुंचे आशुतोष रांका और सौरव दास, पुलिस ने हिरासत में लिया
भारत माता की जय और इंकलाब जिंदाबाद के नारे लगाए
नई दिल्ली। जंतर-मंतर को धरना-प्रदर्शन स्थल की सूची से हटाए जाने के अगले ही दिन CJP कार्यकर्ताओं ने वहां पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस की घेराबंदी को पार कर पहुंचे प्रदर्शनकारियों को बाद में हिरासत में ले लिया गया। इस दौरान कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति भी बनी। CJP नेता आशुतोष रांका और सौरव दास की अगुवाई में कार्यकर्ता लोहे के गेट और बैरिकेड फांदकर जंतर-मंतर पहुंचे। उन्होंने ‘भारत माता की जय’ और ‘इंकलाब जिंदाबाद’ के नारे लगाए। CJP संस्थापक अभिजीत दीपके ने प्रदर्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया। आशुतोष रांका ने तिरंगे के साथ तस्वीर पोस्ट कर दावा किया कि वे जंतर-मंतर पहुंच चुके हैं। वहीं, सौरव दास ने इसे विरोध जारी रखने का संदेश बताया और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधा।
गौरतलब है कि दिल्ली पुलिस ने 12 अक्टूबर को जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थल के रूप में अधिसूचित सूची से हटाने की जानकारी दी थी। केंद्रीय गृह मंत्रालय की समिति की सिफारिश पर अब रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और पूर्वी दिल्ली के सीबीडी मैदान को धरना-प्रदर्शन के लिए निर्धारित किया गया है। यह घटनाक्रम ऐसे समय हुआ है, जब विपक्षी गठबंधन इंडिया और CJP विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) विवाद को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं।

Comment List