यूपी चुनाव से पहले सपा का महिला कार्ड, अखिलेश बोले- महिलाओं को हर साल देंगे 40 हजार रुपये
सपा सरकार ने विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने का काम किया
लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को कहा कि प्रदेश में उनकी सरकार बनने पर महिलाओं को आर्थिक रूप से आगे बढ़ाने के लिए हर साल 40 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी। यह राशि आने वाले वर्षों में बढ़ाई भी जाएगी। समाजवादी पार्टी आधी आबादी को उसका अधिकार और सम्मान दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। यादव ने पार्टी कार्यालय पर आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि सपा सरकार ने अपने कार्यकाल में महिलाओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए 1090 जैसी व्यवस्था शुरू की थी। डायल-100 की शुरुआत भी पुलिस और आपातकालीन सेवाओं को आम लोगों तक तेजी से पहुंचाने के उद्देश्य से की गई थी।
उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी की सरकार बनने पर महिलाओं के साथ-साथ प्रदेश की आने वाली पीढ़ी के हित में भी कई बड़े कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने घोषणा की कि सपा सरकार बनने पर स्कूली बच्चों, कॉलेज और विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को रोडवेज बसों और मेट्रो में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी। अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने पहले भी तकनीक को बढ़ावा देने के लिए विद्यार्थियों को लैपटॉप बांटे थे। उस समय तकनीक आज की तरह विकसित नहीं थी, इसके बावजूद सपा सरकार ने विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने का काम किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि जो लोग तकनीक के बारे में कुछ नहीं जानते, वे आज टैबलेट बांटने की बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सपा सरकार ने पहले ही विद्यार्थियों को लैपटॉप देकर यह साबित किया था कि युवाओं को तकनीक से जोड़ना कितना जरूरी है। अखिलेश ने भाजपा के ‘नारी वंदन’ अभियान पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग जब नारी वंदन की बात करें तो उन्हें हाथरस की बेटी की घटना याद दिलानी चाहिए।
उन्होंने खुशी दुबे का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि महिलाओं के साथ अन्याय के कई मामले सामने आए हैं और प्रदेश में आधी आबादी सबसे अधिक घटनाओं का सामना कर रही है। उन्होंने कहा कि सपा सरकार के समय 108 और 102 जैसी मुफ्त एंबुलेंस सेवाएं संचालित थीं। आने वाले समय में उनकी सरकार स्वास्थ्य, सुरक्षा और परिवहन से जुड़ी सुविधाओं को और मजबूत करेगी। सपा प्रमुख ने कहा कि सपा की कोशिश होगी कि प्रदेश की महिलाओं, युवाओं और आने वाली पीढ़ी को उनका हक मिले और उन्हें आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध हों। प्रेस कांफ्रेंस में मैनपुरी की सांसद डिंपल यादव, कैराना की सांसद इकरा हसन, सांसद सरोज सहित कई महिला विधायक, पार्टी प्रवक्ता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Comment List