बिरला ने की संसद में रचनात्मक संवाद की अपील, कहा- संसदीय कार्यों का संपादन हम सभी की जिम्मेदारी
सकारात्मक सहयोग की भावना से सदन की कार्यवाही में सहभागी बनेंगे
नई दिल्ली। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने संसद का मानसून सत्र सकारात्मक माहौल में जनहित और राष्ट्रहित के महत्वपूर्ण निर्णयों की दिशा में आगे बढ़ने की उम्मीद जताई है। बिरला ने सत्र शुरू होने से पहले आज एक्स पर कहा देवराज इन्द्र के आशीर्वाद स्वरूप आज प्रात: दिल्ली में हुई वर्षा ने वातावरण को नव ऊर्जा और ताजगी से भर दिया है। इसी मंगलमय वातावरण में संसद राष्ट्र की सर्वोच्च लोकतांत्रिक संस्था के रूप में सभी सदस्यों का स्वागत करने के लिए तत्पर है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र का सर्वोच्च मंदिर संसद देश की जन-आकांक्षाओं, आशाओं और विश्वास की सर्वोच्च अभिव्यक्ति है। प्रत्येक संसदीय सत्र जनप्रतिनिधियों के लिए इन आकांक्षाओं को सार्थक संवाद, विचार-विमर्श, प्रभावी विधायी कार्यवाही तथा रचनात्मक सहभागिता के माध्यम से जनहित एवं राष्ट्रहित में परिणत करने का महत्वपूर्ण अवसर होता है।
अध्यक्ष ने कहा आशा है कि सभी सदस्य संविधान की भावना, संसदीय परंपराओं एवं मर्यादाओं का सम्मान करते हुए सकारात्मक सहयोग की भावना से सदन की कार्यवाही में सहभागी बनेंगे। अधिकतम विधायी एवं अन्य संसदीय कार्यों का संपादन हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। यही जनविश्वास को सु²ढ़ करने तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा को और ऊँचा उठाने का सर्वोत्तम माध्यम है। उन्होंने कहा आइए, हम सब मिलकर इस सत्र को सार्थक विमर्श, जनहितकारी निर्णयों और संसदीय गरिमा के अनुरूप संचालित करने का सामूहिक प्रयास करें।

Comment List