दिल्ली में बनाए जा रहे दंगे जैसे हालात : भाजपा चाहती है हिन्दू-मुसलमान में उलझा रहे देश, ताकि विभिन्न मुद्दों पर सवाल न पूछ सकें लोग, राहुल गांधी ने की बहकावे में नहीं आने की अपील
भाईचारे व मोहब्बत बनाए रखें
गांधी ने भाजपा पर नफरत फैलाकर दिल्ली में दंगों जैसे हालात बनाने का आरोप लगाया। उत्तम नगर हिंसा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, एक युवक की जान गई और परिवार पीड़ित है। गांधी ने लोगों से बहकावे में न आने, एकता बनाए रखने की अपील की और सरकार पर मुद्दों से ध्यान भटकाने का आरोप लगाया।
नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी पर नफरत फैलाकर दिल्ली में फिर से दंगे जैसे हालात बनाने का आरोप लगाया है और लोगों से अपील की है कि वे किसी बहकावे में न आयें। गांधी ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि भाजपा चाहती है कि देश हिन्दू-मुसलमान में उलझा रहे, ताकि लोग विभिन्न मुद्दों पर सवाल न पूछ सकें। उन्होंने होली के मौके पर राजधानी के उत्तम नगर की घटना का उल्लेख करते हुए कहा,उत्तम नगर के लोगों ने हिंसा की भारी कीमत चुकाई है। एक तरफ एक जवान लड़के, तरुण, की जान चली गई, दूसरी तरफ एक पूरा परिवार उत्पीड़न का सामना कर रहा है। उन्हें और खून-खराबा नहीं चाहिए।
गांधी ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और उसका इकोसिस्टम नफरत के माहौल को बढ़ावा देकर हिंसा से राजनीतिक फायदा उठाना चाहता है। उन्होंने आरोप लगाया, वे चाहते हैं कि देश हिंदू-मुसलमान में उलझा रहे , ताकि लोग ये न पूछ सकें कि आखिर केंद्र सरकार देश की रक्षा, ऊर्जा सुरक्षा, खाद्य सुरक्षा और सामरिक संप्रभुता को अमेरिका के हवाले करने पर क्यों मजबूर है। इसीलिए दिनदहाड़े देश की राजधानी में फिर से दंगों जैसे हालात खड़े किये जा रहे हैं। उन्होंने दिल्लीवासियों से अपील की है कि वे किसी भी बहकावे में न आएं और एकता, भाईचारे व मोहब्बत बनाए रखें।

Comment List