राहुल गांधी का छात्र संवाद कार्यक्रम : UP में बुकिंग अचानक रद्द, कांग्रेस नेताओं में हलचल
पार्टी की कानूनी टीम मामले में सक्रिय
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में कांग्रेस सांसद एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रस्तावित छात्र संवाद कार्यक्रम से पहले बड़ा घटनाक्रम देखने को मिला है। 8 अगस्त को आयोजित होने वाले कार्यक्रम के लिए बुक किया गया केपी ग्राउंड (कायस्थ पाठशाला ट्रस्ट) की अनुमति ट्रस्ट ने अचानक निरस्त कर दी है। इसके बाद कांग्रेस नेताओं में हलचल तेज हो गई है और पार्टी की कानूनी टीम मामले में सक्रिय हो गई है। कायस्थ पाठशाला (केपी) ट्रस्ट के कार्यवाहक अध्यक्ष चौधरी जितेन्द्र नाथ सिंह ने देर रात शहर कांग्रेस कमेटी को पत्र जारी कर पहले दी गई अनुमति वापस लेने की जानकारी दी। पत्र में कहा गया है कि प्रस्तावित कार्यक्रम से ट्रस्ट से जुड़े दो विद्यालयों की शैक्षणिक गतिविधियां प्रभावित होंगी और छात्रों की पढ़ाई बाधित हो सकती है। साथ ही लगातार बारिश के कारण मैदान की स्थिति खराब होने की आशंका भी जताई गई है।
ट्रस्ट का कहना है कि हाईकोर्ट के निर्देशों के अनुसार शैक्षणिक गतिविधियों में किसी प्रकार का व्यवधान नहीं होना चाहिए। कॉलेज प्रबंधन की ओर से भी इस संबंध में आपत्ति दर्ज कराई गई थी। ट्रस्ट ने सुझाव दिया है कि कार्यक्रम को बारिश के बाद या विद्यालयों की छुट्टियों के दौरान आयोजित किया जाए। पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि मैदान की सफाई एवं लेवलिंग के लिए कांग्रेस की ओर से जमा कराई गई धनराशि चेक के माध्यम से वापस कर दी जाएगी। पत्र की प्रतिलिपि जिलाधिकारी, कायस्थ पाठशाला के महामंत्री, चौधरी नौनीहाल सिंह एकेडमी तथा ट्रस्ट के लेखाकार को भी भेजी गई है।
उधर, कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में थीं और पंडाल निर्माण का कार्य भी शुरू हो चुका था। बुकिंग रद्द होने के बाद कांग्रेस की केंद्रीय लीगल टीम प्रयागराज पहुंच गई है और ट्रस्ट के पदाधिकारियों तथा प्रशासनिक अधिकारियों से बातचीत कर रही है। कांग्रेस के अनुसार राहुल गांधी 8 अगस्त को शाम 5 बजे प्रयागराज में करीब 3 लाख छात्रों के साथ संवाद करने वाले हैं। यह कार्यक्रम छात्रों की गूंज अभियान का हिस्सा है, जिसके तहत पेपर लीक, महंगी शिक्षा, भर्ती प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर युवाओं से सीधा संवाद किया जा रहा है।

Comment List