बीआरएस का राहुल गांधी पर निशाना : तेलंगाना के ऑटो चालकों से किए वादों को लेकर राहुल गांधी से पूछा सवाल, वादे पूरे करने में क्यों रहे नाकाम
ऑटो चालकों को दिए गये आश्वासनों का क्या हुआ
हैदराबाद। भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के कार्यकारी अध्यक्ष के.टी. रामा राव ने रविवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी निशाना साधते हुए सवाल किया कि 2023 के विधानसभा चुनावों के दौरान तेलंगाना के ऑटो चालकों से किए गए वादे पूरे करने में कथित तौर पर वे क्यों नाकाम रहे। रामा राव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स एक पोस्ट मेंकहा कि दिल्ली में बड़े-बड़े नए वादे करने से पहले गांधी यह बताएं कि तेलंगाना के ऑटो चालकों को दिए गये आश्वासनों का क्या हुआ।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने ऑटो चालकों के लिए एक कल्याण बोर्ड बनाने और हर चालक को सालाना 12,000 रुपये देने का वादा किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में कांग्रेस के शासन के 30 महीने बीत जाने के बाद भी इनमें से कोई भी वादा पूरा नहीं किया गया है। बीआरएस नेता ने दावा किया कि तेलंगाना में कांग्रेस के सत्ता में आने के बाद से 100 से ज्यादा ऑटो चालकों ने आत्महत्या कर ली है। उन्होंने कांग्रेस पर ऑटो चालकों के कल्याण की अनदेखी करने का आरोप लगाया। कांग्रेस नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए रामा राव ने कहा, दिल्ली में यह नाटक क्यों, जब तेलंगाना के ऑटो चालकों से तीन साल पहले किए गये वादे अभी भी अधूरे पड़े हैं?

Comment List