पंजाब में पलटी सिख श्रद्धालुओं को ले जा रही बस : हादसे में कई यात्रियों की मौत, 15 लोग घायल
घायलों को तुरंत पास के अस्पतालों में ले जाया गया
फतेहगढ़ साहिब के बस्सी पठाना में मंगलवार देर रात सिख श्रद्धालुओं से भरी बस पलटने से 5 की मौत और 15 घायल हो गए। बस सड़क से उतरकर पेड़ों से टकराई। सभी श्रद्धालु बैसाखी पर आनंदपुर साहिब से लौट रहे थे। जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह ने शोक जताते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की अरदास की।
फतेहगढ़ साहिब। पंजाब के फतेहगढ़ साहिब के बस्सी पठाना इलाके में मंगलवार देर रात सिख श्रद्धालुओं को ले जा रही एक बस के पलटने से कम से कम 5 श्रद्धालुओं की मौत हो गई और 15 अन्य घायल हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह घटना बस्सी पठाना के पास हुई, जहाँ यात्रियों से भरी बस सड़क से उतर गई और सड़क किनारे पेड़ों से जा टकराई। पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि इस हादसे में कम से कम पांच लोगों की मौत की सूचना है, जबकि 15 से अधिक यात्री घायल हुए हैं। घायलों को तुरंत पास के अस्पतालों में ले जाया गया, जहाँ वर्तमान में उनका उपचार चल रहा है।
अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गडग़ज्ज ने दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। ये श्रद्धालु खालसा साजना दिवस (बैसाखी) के अवसर पर आनंदपुर साहिब में नतमस्तक होकर वापस लौट रहे थे। उन्होंने वाहेगुरु से अरदास की कि वे उन्हें अपने चरणों में स्थान दें और उनके परिवारों को भाणा मानने (ईश्वर की इच्छा स्वीकार करने) की शक्ति प्रदान करें। उन्होंने दुर्घटना में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की। अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ने शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी को निर्देश दिया है कि वह प्रभावित परिवारों से संपर्क करें और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान करें।

Comment List