इंडिगो की फ्लाइट में बवाल : पायलट ने प्लेन उड़ाने से किया इनकार, कहा- मेरी ड्यूटी टाइम लिमिट पूरी
माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया
पायलट ने बताया कि उनकी ड्यूटी टाइम लिमिट पूरी हो चुकी है और वह अब उड़ान नहीं भर सकते, तो फ्लाइट के अंदर माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया।
नई दिल्ली। मुंबई से थाईलैंड के क्राबी जा रही इंडिगो की अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट 6ई 1085 में उस समय बवाल मच गया, जब पायलट ने विमान उड़ाने से इनकार कर दिया। यह उड़ान सुबह करीब 4:05 बजे रवाना होने वाली थी, लेकिन कई घंटों तक इसमें देरी होती रही। लगातार इंतजार कर रहे यात्रियों का धैर्य जवाब देने लगा। जब पायलट ने बताया कि उनकी ड्यूटी टाइम लिमिट पूरी हो चुकी है और वह अब उड़ान नहीं भर सकते, तो फ्लाइट के अंदर माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया।
यात्रियों ने पायलट को अपशब्द कहे
पायलट के फैसले के बाद यात्रियों और केबिन कू्र के बीच बहस शुरू हो गई। कुछ यात्री जोर-जोर से चिल्लाने लगे और सवाल करने लगे कि उनकी छुट्टियों और बुकिंग का क्या होगा। वीडियो में एक यात्री को विमान के एग्जिट डोर पर लात मारते हुए देखा गया। उसने पायलट के खिलाफ अपशब्द भी कहे। यह पूरी घटना किसी ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर ली, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई।
तीन घंटे देरी से उड़ान भरी
फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइटट्रेडर24 के अनुसार यह फ्लाइट करीब तीन घंटे से ज्यादा की देरी से उड़ान भर सकी। जिसे सुबह लगभग 10 बजे क्राबी पहुंचना था, वह दोपहर करीब 1 बजे वहां पहुंची। इस देरी की वजह से कई यात्रियों की टूर प्लान और आगे की कनेक्टिंग फ्लाइट्स प्रभावित हुईं। लोग परेशान थे, क्योंकि उन्होंने अपनी यात्रा की पूरी योजना पहले से बना रखी थी। लंबा इंतजार, सही जानकारी की कमी और थकान ने यात्रियों को परेशान कर दिया। इसी कारण हालात काबू से बाहर होते नजर आए।
कई कारणों से हुई देरी : इंडिगो
इस पूरे मामले पर इंडिगो एयरलाइंस ने आधिकारिक बयान जारी किया। कंपनी के अनुसार, उड़ान में देरी कई कारणों से हुई, जैसे विमान का देर से पहुंचना, हवाई यातायात की भीड़ और कू्र का ड्यूटी टाइम लिमिट पूरा होना एयरलाइन ने कहा कि सुरक्षा नियमों का पालन करना जरूरी है और पायलट ने वही किया। बयान में यह भी बताया गया कि 2 यात्रियों ने प्रतीक्षा के दौरान अनुशासनहीन व्यवहार किया। उन्हें फ्लाइट से उतार दिया गया और सुरक्षा एजेंसियों के हवाले कर दिया गया। इंडिगो ने कहा कि वह सभी यात्रियों के लिए सुरक्षित और सम्मानजनक माहौल बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।

Comment List