पासपोर्ट शुल्क वृद्धि पर कांग्रेस ने की केंद्र की आलोचना, सुरजेवाला बोले-‘महंगाई की नई किश्त’ जारी
विदेश जाने वाले छात्रों और युवाओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ
नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव एवं राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने एक जुलाई से लागू होने वाली पासपोर्ट शुल्क वृद्धि को लेकर केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए इसे आम जनता पर 'महंगाई की नई किस्त' करार दिया है। शुक्रवार को जारी बयान में सुरजेवाला ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने पासपोर्ट बनवाना 2,000 रुपये तक महंगा कर दिया है। उनके अनुसार 36 पृष्ठों वाले नए पासपोर्ट की सामान्य श्रेणी की फीस 1,500 रुपये से बढ़ाकर 2,500 रुपये तथा तत्काल श्रेणी की फीस 3,500 रुपये से बढ़ाकर 5,000 रुपये कर दी गई है। इसी प्रकार 60 पृष्ठों वाले पासपोर्ट की सामान्य फीस 2,000 रुपये से बढ़ाकर 3,500 रुपये और तत्काल शुल्क 4,000 रुपये से बढ़ाकर 6,000 रुपये कर दिया गया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि खोए या क्षतिग्रस्त पासपोर्ट के प्रतिस्थापन, नाबालिगों के पासपोर्ट, पुलिस क्लीयरेंस सर्टिफिकेट (पीसीसी), सर्टिफिकेट ऑफ आइडेंटिटी तथा अन्य संबंधित दस्तावेजों की फीस में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी की गई है। कांग्रेस नेता ने दावा किया कि शुल्क वृद्धि से आम नागरिकों, छात्रों और विदेश जाने की तैयारी कर रहे युवाओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। उन्होंने विदेश मंत्रालय के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि वर्ष 2014 से 2024 के अंत तक 17.10 लाख से अधिक भारतीय नागरिक अपनी नागरिकता छोड़ चुके हैं, जबकि भारतीय पासपोर्ट की वैश्विक रैंकिंग 75वें स्थान पर है। सुरजेवाला ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार जनता को राहत देने के बजाय लगातार आर्थिक बोझ बढ़ाने वाली नीतियां अपना रही है।

Comment List