ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सड़कों पर उतरी कांग्रेस : इस्तीफे और गिरफ्तारी की मांग, चुनाव आयुक्त को बताया देशद्रोही
दिल्ली में चुनाव आयोग कार्यालय के बाहर प्रदर्शन
नई दिल्ली। कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के सहारे मतदाता सूची से 13 करोड़ से अधिक मतदाताओं के नाम काटकर ‘वोट चोरी’ करने का आरोप लगाते हुए उनके इस्तीफे और गिरफ्तारी की मांग को लेकर शुक्रवार को देशभर में प्रदर्शन किया। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने देशभर में चुनाव आयोग के खिलाफ पार्टी के प्रदर्शन की घोषणा करते हुए सभी प्रदेश इकाइयों को अपने राज्यों की राजधानियों में आंदोलन-प्रदर्शन करने के निर्देश दिए थे।
दिल्ली में चुनाव आयोग कार्यालय के बाहर प्रदर्शन
दिल्ली में युवा कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और चुनाव आयोग के कामकाज एवं निर्णय प्रक्रिया से जुड़े आरोपों की निष्पक्ष एवं स्वतंत्र जांच की मांग को लेकर चुनाव आयोग कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों को दिल्ली पुलिस ने बैरिकेड लगाकर रोका और युवा नहीं माने तो कई नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया।
ज्ञानेश कुमार को बताया देशद्रोही
पार्टी ने कहा कि जो व्यक्ति वोट पर हमला करता है और भारत की लोकतांत्रिक संस्थाओं को बुनियादी रूप से नष्ट करता है, वह ‘देशद्रोही’ है। कांग्रेस ने कहा कि ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना चाहिए और उन्हें गिरफ्तार किया जाना चाहिए तथा पार्टी अपना विरोध जारी रखेगी। इसके अलावा देशभर के कई शहरों में ज्ञानेश कुमार के खिलाफ पर्दशन किए गए।

Comment List