महंगाई पर कांग्रेस का केन्द्र सरकार पर बड़ा हमला, पूछा- जवाब कौन देगा?
पार्टी सरकार को अर्थव्यवस्था की बिगड़ती स्थिति के प्रति करती रही आगाह
नई दिल्ली। कांग्रेस ने बढ़ती महंगाई और अर्थव्यवस्था की स्थिति को केंद्र सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा है कि उसकी जनविरोधी नीतियों के कारण देश आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है और केन्द्र की सरकार को इसकी जवाबदेही लेनी चाहिए। कांग्रेस संचार विभाग के प्रभारी जयराम रमेश ने बुधवार को सोशल मीडिया पोस्ट पर कहा कि पार्टी पिछले कई महीनों से सरकार को अर्थव्यवस्था की बिगड़ती स्थिति के प्रति आगाह करती रही है, लेकिन सरकार ने कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया। उन्होंने दावा किया कि देश में 44 महीनों की सबसे अधिक 9.87 प्रतिशत थोक महंगाई दर्ज हुई है, ईंधन और बिजली की कीमतों में 27.4 प्रतिशत की वृद्धि हुई है तथा इस बार खेती की बुवाई तीन वर्षों के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी से आम जनता परेशान है, जबकि किसान सरकार की गलत नीतियों और प्रतिकूल मौसम की दोहरी मार झेल रहे हैं। महंगाई बढ़ने से उद्योगों की लागत भी लगातार बढ़ रही है। रमेश ने कहा कि जब अर्थव्यवस्था के सभी प्रमुख संकेतक रेड अलर्ट की स्थिति में हैं, तब सरकार हालात संभालने के बजाय केवल सुर्खियां बटोरने में लगी है। उन्होंने कहा कि सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने के बजाय उसके भयावह आंकड़ों को छिपाने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस नेता ने कहा कि थोक महंगाई के ताजा आंकड़े सरकार की आर्थिक नीतियों की विफलता का प्रमाण हैं। उन्होंने कहा कि देश महंगाई पर जवाब मांग रहा है और सरकार को अपनी आर्थिक नीतियों की जवाबदेही स्वीकार करनी चाहिए।

Comment List