नीतीश सरकार में चरम पर अपराध और भ्रष्टाचार : उगाही मंत्री और भ्रष्ट अधिकारी चला रहे सरकार, प्रशांत किशोर ने कहा- सड़कों पर गोलीबारी के लिए कुमार जिम्मेदार
मोदी बताएं कि उन्होंने राशि भेजी या नहीं
सरकार को उनके मंत्रिमंडल के दो-चार उगाही करने वाले मंत्री और उनके कुछ भ्रष्ट अधिकारी चला रहे हैं, जिनकी जनता के प्रति कोई जवाबदेही नहीं है।
सिवान। जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत कुमार ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सरकार पर हमला बोला और कहा कि दो-चार उगाही मंत्री और भ्रष्ट अधिकारी सरकार चला रहे हैं। इसलिए प्रदेश में अपराध और भ्रष्टाचार चरम पर है किशोर ने बिहार में बढ़ते अपराध और हर दिन सड़कों पर हो रही गोलीबारी को लेकर सरकार पर निशाना साधा और कहा कि बिहार में बिगड़ती कानून व्यवस्था के लिए कुमार जिम्मेदार हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुमार की स्थिति ऐसी नहीं है कि वे सरकार का नेतृत्व कर सकें और कोई निर्णय ले सकें। सरकार को उनके मंत्रिमंडल के दो-चार उगाही करने वाले मंत्री और उनके कुछ भ्रष्ट अधिकारी चला रहे हैं, जिनकी जनता के प्रति कोई जवाबदेही नहीं है, जिसके कारण राज्य में अपराध और भ्रष्टाचार चरम पर है।
जनसुराज के सूत्रधार ने 29 मई को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बिहार दौरे को लेकर हमला बोला और कहा कि इस साल बिहार में चुनाव है, इसलिए वह आएंगे। लेकिन हम प्रधानमंत्री से अपील करते हैं कि वो बिहार की गरीब जनता के पैसे से अपना प्रचार ना करें। उन्होंने मोदी से पूछा कि गुजरात को गिफ्ट सिटी, सोलर प्लांट, बुलेट ट्रेन और बिहार को श्रमिक ट्रेन दी जाती है, ऐसा भेदभाव क्यों। उन्होंने कहा कि जब तक बिहार में फैक्ट्रियां नहीं लगेंगी, तब तक हमारे युवा इन ट्रेनों में बैठकर दूसरे राज्यों में मजदूरी करने के लिए जाने को मजबूर हैं। वो बताएं कि बिहार में फैक्ट्रियां कब लगेंगी, बंद पड़ी चीनी मिलें कब चालू होंगी। उन्होंने मीडिया के जरिए श्री मोदी से सवाल किया कि वर्ष 2015 में आरा की रैली में बिहार के लिए एक लाख 25 हजार करोड़ के पैकेज की घोषणा की गयी थी। उनकी घोषणा को 10 साल हो गए हैं। मोदी बताएं कि उन्होंने राशि भेजी या नहीं। और यदि राशि भेजी तो वो इस बारे में बताएं।

Comment List